खेल रत्न के लिए सानिया मिर्जा के नाम की सिफारिश
नई दिल्ली। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को भारत का सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न देने की सिफारिश की गई है। खेल मंत्रालय ने सानिया की 2014 वर्ष की उपलब्धियों देखकर यह पुरस्कार देने की सिफारिश की है। वैसे मंत्रालय का कहना है कि यह पुरस्कार किसे मिलना है इसके बारे में अंतिम फैसला अवॉर्ड समिति को लेना है। समिति की बैठक अगले कुछ दिनों में होगी।
खेल सचिव अजित शरण ने कहा कि खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने खेलों में उपलब्धि के लिए सानिया के नाम की सिफारिश सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए की है। शरण ने कहा कि यों हमें आल इंडिया टेनिस संघ सिफारिश से देर में मिली थी लेकिन मंत्री ने इसे स्वीकार किया और पुरस्कार समिति को इसकी सिफारिश की है।
वूमेंस डबल्स का खिताब जीता था
सानिया ने पिछले महीने मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर विंबलडन का वूमेंस डबल्स का खिताब जीता था। सानिया की इस उपलब्धि को इस पुरस्कार के लिए ध्यान में नहीं रखा जाएगा। लेकिन इसके अलावा भी उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों से बहुत ज्यादा है।
इस पुरस्कार के लिए और भी दावेदार
सानिया के अलावा इस पुरस्कार के अन्य दावेदारों में प्रमुख रूप से विकास गौड़ा (एथलेटिक्स), सरदार सिंह (हॉकी), टिंटू लुका (एथलेटिक्स), दीपिका पल्लीकल (स्क्वॉश), देवेंद्र झांझरिया (पैरालिंपिक), अभिषेक वर्मा (तीरंदाजी) शामिल है।
सानिया की प्रमुख सफलताएं
* 2004 में अर्जुन अवॉर्ड और 2006 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित।
* 2009 में महेश भूपति के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन का मिक्स डबल्स खिताब जीता।
* 2012 में भी महेश भूपति के साथ फ्रेंच ओपन मिक्स डबल्स खिताब जीता।
* 2014 में ब्राजील के ब्रूनो सुआरेस के साथ यूएस ओपन मिक्स डबल्स खिताब जीता।
* सानिया को पूरे करियर में 50 लाख डॉलर 31-60 करोड़ प्राइज मनी मिल चुकी है।