चोट ने खत्म किया एक और शानदार करियर
लंदन। ऑस्ट्रेलिया के फास्ट बॉलर रेयान हैरिस घुटने में चोट के कारण एशेज सीरीज से बाहर हो गए है। इतना ही नहीं साथ ही उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का एलान कर दिया है। हैरिस फिटनेस टेस्ट के बाद एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मुकाबले के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था।
ऐसा कहना था हैरिस का
घुटने को लेकर स्कैन कराने के बाद से यह पता चला कि उनके दाहिने घुटने में बहुत ज्यादा दिक्कत है। हैरिस ने खुद बताया कि चिकित्सकीय परामर्श सुनने के बाद और इस बारे में परिवार से बात करने के बाद उन्होंने इस बात का अहसास किया कि क्रिकेट से दूर होने का यह सबसे ज्यादा सही समय है। गौरतलब है कि हैरिस ने 2010 में क्रिकेट जगत में आने के बाद अब तक 27 टेस्ट मैच में 113 विकेट चटकाए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया
वहीं हैरिस से जुड़ी इस खबर को सुनकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि हैरिस की जगह लेने के लिए विकल्प के तौर पर 22 वर्षीय पैट कमिंस को टीम में शामिल किया गया है। अब फिलहाल पहला एशेज टेस्ट मैच बुधवार से कार्डिफ में खेला जाएगा। उस समय देखा जाएगा कि हैरिस के टीम छोड़ने पर टीम पर क्या असर पड़ा है।
29 साल की उम्र में किया था डेब्यू
ऑस्ट्रेलिया की ओर से देर से डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में रेयान हैरिस का नाम भी शामिल है। उन्होंने 29 साल की उम्र में करियर का पहला टेस्ट मार्च 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। रेयान ने वनडे डेब्यू 18 जनवरी 2009 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होबार्ट में किया था।
हैरिस का क्रिकेट करियर
फॉर्मेट | मैच | रन | बेस्ट स्कोर | विकेट | बेस्ट बॉलिंग |
वनडे | 21 | 48 | 21 | 44 | 5/19 |
टेस्ट | 27 | 603 | 74 | 113 | 7/117 |
टी-20 | 3 | 2 | 2 | 4 | 2/27 |
एशेज सीरीज का शेड्यूल
* पहला टेस्ट कार्डिफ में, 8-12 जुलाई
* दूसरा टेस्ट लॉर्ड्स में, 16-20 जुलाई
* तीसरा टेस्ट एजबेस्टन में, 29 जुलाई से दो अगस्त
* चौथा टेस्ट ट्रेंट ब्रिज में, 6-10 अगस्त
* 5वां टेस्ट द ओवल में, 20-24 अगस्त