देश भर में भाईचारे के साथ मनाई गई ईद
नई दिल्ली। देश भर में ईद-उल-फितर आज प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को ईद की बधाई दी। मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में हजरतबल दरगाह पर सुबह 60 हजार से अधिक लोग जुटे और उन्होंने नमाज पढ़ी। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला मौजूद थे। राज्य में कडे सुरक्षा बंदोबस्त के बीच सुरक्षाकर्मियों पर पथराव की छुटपुट घटनाएं हुईं। शीर्ष अलगाववादी नेताओं को ईद से पहले ही नजरबंद कर दिया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की जनता को ईद-उल-फितर की बधाई दी। मोदी ने कहा कि ये त्यौहार समाज में भाईचारे और सौहार्द्र का प्रतीक है।
बॉलीवुड कलाकारों ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों और दोस्तों को ईद की बधाई भेजी।
राष्ट्रीय राजधानी में सैकडों लोग ऐतिहासिक जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, हजरत निजामुद्दीन और अन्य मस्जिदों में एकत्र हुए और नमाज पढ़ी।
नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। लोगों ने उपहार दिए और लिए और साथ ही लजीज व्यंजनों, विशेषकर सेवइयों का लुत्फ उठाया। लजीज व्यंजनों में तरह-तरह की बिरयानी और कबाब भी शामिल थे।
बड़े बुजुर्गों ने बच्चों को ‘ईदी’ दी। लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां गए और उन्हें ईद की बधाई दी। इसके अलावा जरूरतमंदों को दान दिया।