वाशिंगटन। भला अब आप यह सोच रहे होंगे कि क्या एक पेड़ भी 40 प्रकार के फल दे सकता हैं, लेकिन जिस पेड़ के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं वह पेड़ सच में 40 प्रकार के फल देता हैं। इतना ही नहीं इस पेड़ की कीमत सुनकर तो आप और भी चौंक जाएंगे। इस पेड़ की कीमत करीब 19 लाख रूपए हैं।
इस पेड़ को अमरीका की सेराक्यूज यूनिवर्सिटी में विजुअल आर्ट्स के प्रफेसर वॉन ऐकेन ने तैयार किया है। उन्होंने इस पेड़ का नाम ’ट्री ऑफ 40’ रखा है। इसमें पैदा होने वाले फलों में बेर, सतालू, खुबानी, चेरी और नेक्टराइन फल शामिल हैं। ऐकेन का कहना है कि उन्होंने फल-सब्जियों के उत्पादन को लेकर पारंपरिक सोच को बदलने के इरादे से ’ट्री ऑफ 40’ तैयार किए हैं।
प्रॉजेक्ट पर काम 2008 में उस समय शुरू हुआ जब वॉन ऐकेन ने न्यू यॉर्क स्टेट ऐग्रिकल्चरल एक्सपेरिमेंट में एक बगीचा को देखा, जिसमें 200 तरह के बेर और खुबानी के पौधे थे। ये बगीचा फंड की कमी से बंद होने वाला था। इस बगीचे में कई प्राचीन और दुर्गम पौधों की प्रजातियां भी थी। वॉन का जन्म खेती से संबंधित परिवार में होने के कारण खेती-बाड़ी में हमेशा उनकी दिलचस्पी रही। उन्होंने इस बगीचे को लीज पर ले लिया और ग्राफ्टिंग तकनीक की मदद से उन्होंने ट्री ऑफ 40 जैसे अद्भुत कारनामे को अंजाम दिया।
इस तकनीक में सर्दियों में पेड़ की एक टहनी कली समेत काटकर अलग कर ली जाती है और मुख्य पेड़ में छेद करके इस टहनी को समाया जाता है। उस पर पोषक तत्वों का लेप लगाकर सर्दी भर के लिए पट्टी बांध दी जाती है। धीरे-धीरे टहनी मुख्य पेड़ से जुड़ जाती है और उसमें फल-फूल आने लगते हैं।