सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाक बेहोशी की हालत में हैः रक्षा मंत्री
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाक का क्या हाल हुआ है इस पर पहली बार भारत के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने खुलकर बयान दिया है। पर्रिकर ने पाक की तुलना सर्जरी के बाद रोगी की हालत से की हैं। पर्रिकर ने कहा, पाक फिलहाल बेहोशी की हालत में है उसे अंदाजा ही नहीं है कि आखिर हुआ क्या है? पर्रिकर ने आगे रामायण का उदाहरण देते हुए कहा, हम किसी देश पर कब्जा नहीं करना चाहते। भगवान राम ने लंका जीतने के बाद उसे विभीषण को उपहार में दे दिया था। बांग्लादेश आप्रेशन में भी हमने ऐसा ही किया था। अब सर्जिकल आपरेशन में भी हमने ऐसा ही किया। जो हमें नुकसान पहुंचाएगा, उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।’बता दें कि पर्रिकर ने ये बात शनिवार को देहरादून में एक स्थानीय शहीद वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा के अनावरण के दौरान कही। पर्रिकर ने इस दौरान भारतीय सेना और पीएम नरेन्द्र मोदी की जमकर तारीफ़ भी की।
कौन थे वीर चंद्र सिंह?
पौड़ी जिले के मासी गांव में जन्मे वीर चंद्र सिंह गढ़वाली रॉयल गढ़वाल राइफल्स में हवलदार मेजर थे। वर्ष 1930 में स्वतंत्रता आंदोलन चरम पर था। पेशावर में भी पठान आंदोलन कर रहे थे। तब अंग्रेजों ने आंदोलन को कुचलने के लिए गढ़वाल राइफल्स को पेशावर भेजा, लेकिन चंद्र सिंह गढ़वाली के नेतृत्व में सैनिकों ने निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोली चलाने से इन्कार कर दिया। उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया। मुकदमा चला और मौत की सजा सुनाई गई। हालांकि बाद में सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया। आजादी के बाद यह महानायक समाज सेवा में लगा रहा। महात्मा गांधी ने एक बार उनके बारे में कहा था कि मुझे एक गढ़वाली और मिला होता तो देश कभी का स्वतंत्र हो गया होता।