सिंहस्थ-2016 में आईटी का भरपूर इस्तेमाल
उज्जैन। सिंहस्थ-2016 में मेला प्रशासन द्वारा आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। आईटी के विभिन्न माध्यमों से सिंहस्थ मेले में जानकारियों के आदान-प्रदान, सूचनाओं के सम्प्रेषण और व्यवस्था सम्बन्धी समस्याओं का निदान हो रहा है। इन माध्यमों में सिंहस्थ मेला कार्यालय द्वारा तैयार किये गये सारथी मोबाइल एप, सिंहस्थ वेब साइट, सोशल मीडिया जैसे- फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, गूगल माय मेप्स, जीआईएस सिस्टम, मैथेमेटिकल मॉडलिंग, प्लाट्स और लैण्ड ऑनलाइन ट्रेकिंग, गूगल बेस्ड नेविगेशन, वाईफाई नेटवर्क और बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम सम्मिलित है।
वेबसाइट पर पूर्ण जानकारी
सिंहस्थ के लिये मेला प्रशासन द्वारा बनाई गई www.simhasthaujjain.in वेब साइट सिंहस्थ की सूचनात्मक एवं प्रचारात्मक वेब साइट है। इस पर सिंहस्थ और उज्जैन का ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व, शाही स्नान व पर्व स्नान आदि कार्यक्रमों की जानकारी, दर्शनीय स्थलों की जानकारी, यात्रियों के लिये उज्जैन शहर व मेला क्षेत्र का मानचित्र, उज्जैन के घाट, मन्दिर, वहां तक कैसे पहुंचे, कैसे पहुंचे, किससे सम्पर्क करें आदि जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। सूचना प्रौद्योगिकी के एक और माध्यम एसएमएस का बल्क में उपयोग मेला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। एसएमएस के माध्यम से आवश्यक सन्देश प्रसारित किये जा रहे हैं। सोशल मीडिया के तहत फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम द्वारा जन-सामान्य एवं तीर्थ यात्रियों को आवश्यक सलाह उपलब्ध कराने, जिज्ञासाओं व समस्याओं को प्राप्त करने तथा सिंहस्थ सम्बन्धी विविध आयामों को विविध मंचों पर बताने का कार्य बखूबी किया जा रहा है।
गुगल मेप्स भी करेगा मदद
सिंहस्थ-2016 में गूगल बेस्ड नेविगेशन सिस्टम के तहत गूगल मेप्स के द्वारा सिंहस्थ की जानकारी आम दर्शनार्थी को स्थान, रूट, यातायात, उनके इच्छित स्थान की जानकारी गूगल मेप के जरिये उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे अपने गन्तव्य तक आसानी से पहुंच सकें। सिंहस्थ के सभी झोन और सेक्टर कार्यालयों के अलावा मेला क्षेत्र में वाईफाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके जरिये अधिकारी-कर्मचारी, आम दर्शनार्थी आदि इंटरनेट सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। एक और महत्वपूर्ण आईटी सुविधा बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम का इस्तेमाल इस सिंहस्थ में किया जा रहा है। सभी झोन व सेक्टर कार्यालयों के अलावा अन्य स्थानों पर कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमैट्रिक मशीन द्वारा ली जा रही है।
|