अखिलेश बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन के लिए तैयार
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि गैर भारतीय जनता पार्टी दलों (Non BJP Parties) के महागठबंधन में शामिल होने के लिए SP तैयार है, पार्टी की सदस्यता अभियान की शुरूआत करने के अवसर पर श्री यादव ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि आने वाले समय में BJP के खिलाफ जो भी गठबंधन बनेगा उनकी पार्टी उसमें पूरी भूमिका निभायेगी, क्योंकि लोकसभा के अगले चुनाव की मुख्य लडाई यूपी से ही होगी। इस राज्य में लोकसभा की सर्वाधिक 80 सीटें हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि हाल ही में अपने दिल्ली दौरे के दौरान वे NCP के शरद पवार, बिहार के सीएम नीतिश कुमार और प.बंगाल की सीएम तथा TMC अध्यक्ष ममता बनर्जी से मिले थे। गौरतलब है कि BSP अध्यक्ष मायावती ने भी कल गैर भाजपा दलों का गठबंधन बनाने की जरूरत बतायी थी। SP अध्यक्ष अखिलेश ने आगे कहा कि महागठबंधन के लिए सभी पार्टियों के नेताओं से मिलेंगे तथा बातचीत करेंगे। हो सकता है सब लोग एक मंच पर आ ही जायें।
एमपी, गोवा और असम में स्लाटर हाउस धडल्ले से चल रहे
BJP पर झूठ के सहारे चुनाव जीतने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि क्या यूपी के सभी स्लाटर हाउस बन्द हो गये? यूपी में अभी भी स्लाटर हाउस चल रहे हैं। कई तो हिन्दू भाई चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि एमपी, गोवा और असम समेत कई ऐसे BJP शासित राज्य हैं जहां स्लाटर हाउस धडल्ले से चल रहे हैं। गोवा और नार्थ-ईस्ट के राज्यों में गोमांस भी बेचा जा रहा हैं। उत्तर प्रदेश के लिये अलग कानून और अन्य राज्यों के लिए अलग कानून कैसे बन सकता है? BJP को उन्होंने झूठ के सहारे राजनीति करने वाली पार्टी बताया।
14 पार्टियों को EVM पर शक
श्री यादव ने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (EVM) पर सवाल खडा किया और मांग की कि अब सभी चुनाव मतपत्रों से ही होने चाहिए। EVM में कोई गडबडी है, तो इसकी जानकारी चुनाव आयोग को देनी चाहिए। आयोग बताए कि इसके साफ्टवेयर और कैलीब्रेशन में कहां गडबडी है। आम आदमी या राजनीतिक दल कहां से इंजीनियर लायेंगे। उन्होंने कहा कि 14 पार्टियों ने EVM पर शक जाहिर करते हुए, चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई है। इस पर आयोग को संज्ञान लेना चाहिए और चुनाव मतपत्रों से ही कराना चाहिए।
- - Advertisement - -