अखिलेश का नया दांव, बढ़ाया अपना मंत्रिमंडल
समाजवादी पार्टी में पिछले कुछ दिनों से चल रही सियासी उठापटक के बाद सोमवार को एक नया मोड़ आ गया। दरअसल यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने मंत्रिमंडल का आठवां विस्तार कर दिया हैं। इस मंत्रिमंडल विस्तार की सबसे ख़ास बात यह रही कि 15 दिन बाद बर्खास्त मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की केबिनेट में वापसी हो चुकी हैं। गायत्री के साथ ही मनोज पांडेय, शिवकांत ओझा, जियादुद्दीन रिजवी ने भी कैबिनेट में शपथ ली हैं। बता दें कि राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन में सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव भी मौजूद थे।
बर्खास्त मंत्री की हुई केबिनेट में वापसी
सूत्रों के अनुसार गायत्री प्रसाद प्रजापति, शंखलाल मांझी, मनोज पांडेय, शिवकांत ओझा, रियाज अहमद, यासिर शाह, अभिषेक मिश्रा, जियादुद्दीन रिजवी ,रविदास मेहरोत्रा और नरेंद्र वर्मा जैसे मंत्री राजभवन पहुंचे थे। मंत्रिमंडल में मंत्रियों को प्रमोशन देने के साथ ही उनके पद में फेरबदल किया गया है।
– अभिषेक मिश्रा, नरेंद्र वर्मा, अंबेडकरनगर से विधायक शंखलाल मांझी ने राज्य मंत्री से प्रमोट होकर कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली। वहीं, हाजी रियाज, यासिर शाह, रविदास मल्होत्रा ने स्वतंत्र प्रभार से प्रमोट होकर कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली। वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव ने संतकबीर नगर से राज्य मंत्री पप्पू निषाद की छुट्टी कर दी है।
वैसे गायत्री प्रजापति के संबंध में तो ये पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी कैबिनेट में वापसी होना तय है। गायत्री ने चौथी बार मंत्री पद की शपथ ली हैं। इससे पहले गायत्री ने फरवरी 2013 राज्यमंत्री पद की शपथ ली थी। ये मंत्रिमंडल का पहला विस्तार था। इसके बाद जुलाई 2013 में उन्होंने सिंंचाई राज्यमंत्री से प्रमोट होकर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और खनन विभाग जैसे पदों को संभाला। जनवरी 2014 में एक बार फिर गायत्री केबिनेट मंत्री और खनन मंत्री पद पर बने रहे। 12 सितंबर 2016 को बर्खास्तगी के बाद सोमवार को एक बार फिर उन्होंने मंत्रिमंडल में वापसी कर ली हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 17 सितंबर को राज्यपाल को पत्र भेजकर मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए समय मांगा था। अखिलेश के अनुरोध पर नायक ने 26 सितंबर यानी कि आज की तारीख तय की थी।