कभी राजनीति छोड़ रहे थे विजय, अब गुजरात को बनाएंगे मॉडल राज्य
गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर विजय रूपाणी को चुना गया है। ये जिम्मेदारी उन्हें आनंदीबेन पटेल के इस्तीफा देने के बाद सौंपी गई है। आपको बता दें कि इससे पहले विजय गुजरात के परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। विजय ऐसे अकेले नेता नहीं हैं जो पहली बार विधायक बनने के बाद सीएम बने। विजय के अलावा मनोहर लाल खट्टर भी पहली बार विधायक बनने के बाद सीएम बने थे। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं गुजरात के नए सीएम के बारे में वो सब कुछ जो आपको जानना जरूरी है…
म्यांमार में जन्मे
रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को रंगून (म्यांमार) में हुआ। तब उनके पिता की रंगून में दुकान हुआ करती थी। लेकिन कारोबार के लिए रंगून गए विजय के पिता चार साल बाद गुजरात लौट आए। गुजरात से ही रूपाणी ने कानून की पढ़ाई की।
ऐसे हुई राजनीतिक करियर की शुरूआत
जैन समुदाय से ताल्लुक रखने वाले रूपाणी राजकोट पश्चिम से विधायक हैं। इससे पहले वे वर्ष 2006 से 2012 तक राज्यसभा सांसद थे। वर्ष 1971 में जनसंघ से जुड़ने वाले रूपाणी ने एबीवीपी से जुड़कर छात्र नेता के रूप में अपना राजनीतिक करियर आरंभ किया। उसी दौरान उनकी मुलाकात अरुण जेटली, रजत शर्मा और सुशील कुमार मोदी से हुई थी। वे शुरुआत से ही संघ से जुड़े रहे।
24 की उम्र में जाना पड़ा था जेल
इमरजेंसी का विरोध करने पर रुपानी को 24 साल की उम्र में जेल भी जाना पड़ा था। जेल से निकलने के बाद उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। 1971 में जनसंघ ज्वॉइन किया। वे भाजपा महासचिव और राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
बना चुके थे राजनीति छोड़ने का मन
पंद्रह साल पहले विजय रुपानी के एक बेटे की मौत घर की छत से गिरने के कारण हो गई थी। तब उनका राजनीति से मोहभंग हो गया था। फिर करीबी लोगों ने उन्हें संभाला और आज वह गुजरात की कमान संभालने जा रहे हैं। स्वर्गीय बेटे के नाम पर उन्होंने एक ट्रस्ट बनाया है जो गरीब बच्चों की मदद करता है। उनकी एक बेटी लंदन में है और दूसरा बेटा पढ़ाई कर रहा है।
अब गुजरात को बनाएंगे मॉडल राज्य
विजय रूपाणी ने शुक्रवार को गुजरात का सीएम बनने के बाद कहा कि वे गुजरात को समूचे देश का मॉडल राज्य बना देंगे। नए पद के लिए उन्होंने पीएम मोदी और भाजपा के विधायक दल को धन्यवाद दिया। इसके अलावा उन्होंने कहा क वे पीएम मोदी और आनंदीबेन के बनाए मापदंडों के मुताबिक वे और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल मिलकर विकास की राजनीति को आगे बढ़ाएंगे।