आयी…लेडी सिंघम
ज्यादा नहीं देश के हर दो जिलों में से एक में अगर बी चंद्रकला जैसे सरकारी अधिकारी हों तो देश की तस्वीर बदलते देर नहीं लगेगी।
बुलंद शहर की डीएम बी चंद्रकला सुर्खियों में न रहें तो जरूर अजीब लगता है। उनका सुर्खियां में रहना कोई अजीब बात नहीं। अब पिछले दिनों हुआ ये कि एक नौजवान लड़का फराज उनके दफ्तर में किसी काम से आया। डीएम मैडम हैं बहुत खूबसूरत और खूबसूरत होना कोई जुल्म तो है नहीं लेकिन लड़का फिसल गया। मैडम को काम में व्यस्त देख उसने दांए-बांए देखा, मौका ताड़ा और एक सेल्फी खींच ली। खचाक! अब ये सेल्फी एक नयी महामारी हुई जा रही लेकिन अभी हम इसके बारे में बात नहीं करेंगे।
तो किस्सा ये कि मैडम को सेल्फीबाजी नागवार गुजरी, उन्ने लड़के से कहा कि भई फोटु डिलीट कर दो। लड़का न माना। अब मैडम के स्टाफ ने सिफारिश की लेकिन लड़का फैल गया…मैडम ठहरी शहर की मालिक। आखिर उनको अपने रौद्रावतार में आना पड़ा। मोबाइल से फोटू तो डिलीट हुआ है बालक को 151 यानी शांति भंग में जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद जो रायता फैला वो तो फैला ही हम उसके डिटेल में नहीं जायेंगे। अपन बात करेंगे डी एम मैडम की। डीएम मैडम के तेवर देखकर सीना चौड़ा हो जायेगा आपका भी मां कसम।
डीएम चंद्रकला देखने में निहायत खूबसूरत हैं। जितनी खूबसूरत हैं उतनी ही बिंदास भी। इलाके में लेडी सिंघम के नाम से मशहूर हैं। गड़बड़ी देखती हैं तो फैसला ऑन स्पॉट करती हैं। सचमुच उनके वीडियो देखकर दिल खुश हो जाता है। लगता है अगर देश हर नहीं तो भी हर दूसरे जिले को ऐसा डीएम हो जाये तो मजाल क्या कि देश के हालात बिगड़ जायें।
हमारे एक सीनियर एक किस्सा सुनाया करते थे। वो आईएएस के इंटरव्यू के लिये क्वालिफाय कर गये थे। इंटरव्यू के दिन कोट टाई लगाकर पहुंचे दिल्ली में यूपीएससी के दफ्तर। पूछा बोर्ड के मेंबरान ने कि भईया पहले तो ये बताओ आईएएस काहे बनना चाहते हो। सीनियर साब बढ़िया रट के गये रहे जवाब। दो महीना मॉक इंटरव्यू के ट्रेनिंग किये रहे। उसका पूरा अनुभव ध्यान में लाये और बोल दिये कि सर हम तो देश की सेवा करना चाह रहे हैं। बस फिर क्या था… इंटरव्यू कक्ष में सन्नाटा छा गया। लगे सब मेंबर एक दूसरे की शक्ल देखने। उसके बाद सारे एक साथ ठठाके हंस दिये और बोले-देखो भईया राम परकाश तुम्हारा जवाब हम ने सुन लिया और इस पर नंबर भी दे दिया। अब तो सही सही बता दे’’’’। इसके बाद उन्ने इलाहाबाद बनारस का एक संसदीय शब्द इस्तेमाल कर दिया जिसे बाकी देश असंसदीय मानता है तो यहां लिख नई सकते। वो क्या है कि उस समय इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग का चलन नहीं था न इसका लाभ ले लिये वो।
देखिये हम फिर भटक गये। बात हो रही थी लेडी सिंघम की और हम जा पहुंचे अपने सीनियर साहब पर। तो हम ये कह रहे थे कि आप तो साहब ये वीडियो देखिये मैडम के जिसमें वो अलग-अलग जगहों पर भ्रष्टाचारियों के क्या तो कान उमेठ रही हैं। हम तो कहते हैं अगर देश में ऐसे नौकरशाह हो जायें तो भईया किसी भ्रष्टाचार मिटाओ पार्टी की जरूरत ही ना है। सारे भ्रष्टाचार चले जायेंगे देश छोड़कर।
तो साथियों लेडी सिंघम बी चंद्रकला को एक ग्रैंड सैल्यूट के साथ देखिये ये दो वीडियो जिनको आप से पहले करीब 10 लाख लोग देख चुके हैं। देखिये और खून उबाल मारे तो कसम खाइये कि हम तो भई ऐसे ही दबंग और सख्तजान अधिकारी बनेंगे अगर मौका मिला तो।
वीडियो –
1.
2.
|
सराहनीय कार्य करने वाले हर अधिकारी का सम्मान होना ही चाहिए सम्मान के साथ ही पूरा सहयोग भी होना चाहिए !