सन्यास नहीं लेते सचिन तो BCCI निकाल देता
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के सन्यास को लेकर बीसीसीआई के सिलेक्टर्स कमेटी के पूर्व चेयरमैन संदीप पाटिल ने बड़ा खुलासा किया है। चेयरमैन की पोस्ट से हटने के बाद उन्होंने कहा हैं कि ‘‘अगर सचिन तेंदुलकर रिटायरमेंट का एलान नहीं करते तो हम उन्हें खुद ही ड्रॉप कर देते।’’ दूसरा उन्होंने धोनी को लेकर भी कहा कि “कई मौकों पर हमने महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी से हटाने के बारे में बात की थी, पर धोनी का टेस्ट से रिटायरमेंट लेना शॉकिंग था।“ सचिन के रिटायरमेंट को लेकर संदीप पाटिल ने और भी खुलासे किए है…
एक न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में संदीप पाटिल ने कहा कि “12 दिसंबर 2012 को हम (सिलेक्टर्स) नागपुर में सचिन से मिले और उनके फ्यूचर प्लान के बारे में पूछा। हालांकि, हम सिलेक्टर्स के बीच सचिन के रिटायरमेंट को लेकर एक आम सहमति बन गई थी। बोर्ड को भी इस बारे बता दिया गया था। शायद सचिन यह बात समझ गए थे और अगली बैठक में ही उन्होंने कहा कि वो वनडे से रिटायरमेंट के बारे में सोच रहे हैं। अपनी बात को जारी रखते हुए उन्होंने यह भी बताया कि अगर सचिन रिटायरमेंट का फैसला नहीं लेते तो हम उन्हें ज़रूरी टीम से निकाल देते।
सचिन का रिटायरमेंट
सचिन के रिटायरमेंट से पहले के दो साल का प्रदर्शन काफी औसत रहा था। वे मैदान पर भी 19 टेस्ट में 956 रन बना पाएं थे। सचिन 16 नवंबर, 2013 को आखिरी बार इंटरनेशनल मैच के लिए मैदान पर थे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सचिन ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट खेला। इसमें उन्होंने 74 रन बनाए थे।
धोनी का रिटायरमेंट शॉकिंग
पाटिल ने धोनी को लेकर भी खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ‘‘हम धोनी को कप्तानी से हटाने के बारें में सोच रहे थे, लेकिन उस समय 2015 का वर्ल्डकप हमारे सामने था इसलिए हमने कोई फैसला नहीं लिया।’’ उन्होंने यह भी बताया कि ‘‘धोनी का टेस्ट टीम से सन्यास लेना हमारे लिए शॉकिंग था।’’
यह पहली बार नहीं है जब पाटिल सचिन को लेकर बोल रहे है। इससे पहले भी जब उनसे सचिन के रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछा गया था। तब उन्होंने कहा था कि ’’हमने सचिन पर रिटायरमेंट लेने का दबाव बनाया या नहीं, यह सीक्रेट ही रहे तो बेहतर है।“