BJP का गरीबों के कल्याण का नया एजेंडा, पढ़ाई, दवाई, कमाई और घर
भोपाल, ब्यूरो। भाजपा का फोकस पूरी तरह से गरीबों पर रहेगा। इसके लिए पार्टी की लाइन और एजेंडा तय करने सोमवार को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुआई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे की बंद कमरा बैठक हुई। इसमें तय किया कि गरीब कल्याण के एजेंडे में रोटी, कपड़ा के अलावा पढ़ाई, दवाई, कमाई (रोजगार) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा जाएगा।
मुख्यमंत्री निवास में करीब दो घंटे चले मंथन में ऐसे कार्यक्रमों को चलाने पर सहमति बनी, जो सीधे तौर पर गरीबों को प्रभावित करते हों। दरअसल, सभी राज्य गरीबों के कल्याण के लिए अलग-अलग योजनाएं चला रहे हैं। इन्हें एक रूप दिया जाएगा और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लक्ष्य तय किए जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि गरीबी दूर करने के लिए सीएम चैहान ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए तैयार रोडमैप का भी जिक्र किया।
दरअसल, प्रदेश सरकार इसके जरिए कृषि के अर्थतंत्र में बड़ा बदलाव लाना चाहती है। इससे किसानों को लगातार रोजगार तो मिलेगा ही आय भी बढ़ेगी। आवास के लिए प्रदेश गारंटी कानून बना रहा है। ऐसे लोगों की पहचान भी की जा रही है,जिनके पास स्वयं की छत तक नहीं है। पढ़ाई को रोजगार से जोड़ते हुए कौशल प्रबंधन पर फोकस करने की बात भी बैठक में सामने आई।
गरीबी हटाओ सिर्फ नारा रह गया
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि ये वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष का जन्म शताब्दी वर्ष है। उनकी प्रेरणा से गरीब कल्याण एजेंडा बनाने का फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी जिम्मेदारी कमेटी को सौंपी। रोटी, कपड़ा और मकान हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत है। इसके अलावा पढ़ाई, दवाई, कमाई (रोजगार) और आवास का इंतजाम गरीब कल्याण एजेंडे के केंद्र में है। सोच ये है कि गरीब केवल गरीब न रहे, आत्मनिर्भर हो जाए। उसकी आय बढ़े और वो किसी पर आश्रित न रहे। बैठक में सभी पहलूओं पर विचार किया है। अब इसका प्रारूप तैयार करके भाजपाध्यक्ष अमित शाह को दिखाया जाएगा। कालीकट में होने वाली बैठक से पहले प्रधानमंत्री के सामने रखा जाएगा।
जल्दी पहुंचे आर्य, लौटकर फिर आए
मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद मंत्रियों को दोपहर के भोज पर बुलाया था। सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य डेढ़ बजे से पहले ही मुख्यमंत्री निवास पहुंच गए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से अन्य मंत्रियों के आने की जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि अभी कोई नहीं आया है। इसके बाद वे लौट गए और कुछ देर बाद वापस आए। भोज में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चैहान, मंत्रिमंडल के सदस्यों में जयंत मलैया, गोपाल भार्गव, डॉ.नरोत्तम मिश्रा, रामपाल सिंह, विजय शाह, उमाशंकर गुप्ता, जयभान सिंह पवैया, लाल सिंह आर्य, विश्वास सारंग मौजूद थे।