मदद के लिए आगे बढ़े अक्षय, शहीद के परिवार को दिए 9 लाख रुपए
- - Advertisement - -
एक बार फिर बॉलीवुड के खिलाड़ी माने जाने वाले अक्षय कुमार ने साबित कर दिया है कि वे रील लाइफ में नहीं बल्कि रियल लाइफ में भी एक बेहतरीन हीरो हैं। दरअसल, अक्षय इस बार एक शहीद के परिवार की मदद के लिए आगे बढ़े हैं। अक्षय ने असम के उल्फा एनकाउंटर में शहीद हुए नरपत सिंह के परिवार को नौ लाख रुपए की सहायता राशि दान की है। शुक्रवार को अक्षय ने शहीद की पत्नी भंवर देवी से फोन पर बात की और उन्हें सांत्वना दी। शहीद के परिवार के मुताबिक अक्षय ने फोन पर बात करने के दौरान कहा कि, नरपत सिंह ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और देश उनके बलिदान को कभी भी नहीं भूलेगा। अक्षय ने आगे कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ है।
वैसे यह पहला मौका नहीं है जब अक्षय आर्थिक मदद के लिए आगे बढ़े हो। इससे पहले भी वे अगस्त में सैनिकों की भलाई के 80 लाख रुपए दान कर चुके हैं। अक्षय अब तक कई बार ऐसे काम कर चुके हैं जिससे उनका देश के प्रति प्यार और सम्मान साफ़तौर पर दिखाई देता है। उरी हमले के बाद अक्षय ने देशभक्ति की मिसाल कायम करते हुए खुलकर अपनी बात कही थी।
नरपत सिंह पर हुआ था हमला
नरपत सिंह 19 नवंबर की सुबह असम में तिनसुकिया के पेनगिरी एरिया में एडम ड्यूटी के लिए गाड़ियां लेकर बटालियन एरिया जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उग्रवादियों ने उन पर हमला कर जवानों पर आईईडी ब्लास्ट किया था। कुछ देर बाद ही उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। ख़ुद पर हमला होने के बाद भी नरपत सिंह ने हिम्मत नहीं हारी थी। उग्रवादियों को सबक सिखाने के लिए उन्होंने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उनके कंधे पर लग गई। उग्रवादियों ने आरपीजी फायर किया जिसके टुकड़े उनके शरीर में घुस गए। घने कोहरे और जंगल का फायदा उठाकर उग्रवादी वहां से भाग गए। गोली लगने के बाद नरपत सिंह को मौके पर ही फर्स्टएड दिया गया। थोड़ी देर में उन्हें प्लेन से मिलिट्री हॉस्पिटल लाया गया। लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
- - Advertisement - -