मुंबई में उड़ी कोर्ट के आदेश की धज्जियां, बनाया 42 फीट ऊंचा पिरामिड
जन्माष्टमी पर सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कुछ दिनों पहले ही आदेश दिया था कि दही हांडी को 20 फीट से ज्यादा ऊपर नही लटकाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के इसी आदेश को मुंबई में दरकिनार करते हुए 42 फीट की ऊंचाई पर दही हांडी लटकाई और मानव पिरामिड बनाया गया। इसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का विरोध बताया जा रहा है।
खेल में चोट लगना नई बात नहीं
ठाणे स्थित भागवती स्कूल में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने दही हांडी का आयोजन किया है। यहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए 42 फीट पर दही हांडी लगाया गया है। पार्टी नेता अविनाश जाधव ने कहा, ’हमारे प्रतियोगियों ने महीनों से इसकी तैयारी की है. खेल में चोट का लगना कोई नई बात नहीं है। यह एक खेल की तरह है।’
कोर्ट के आदेश का विरोध
जन्माष्टमी के इस मौके पर बताया जा रहा है कि मानव पिरामिड बनाने में नाबालिग भी हिस्सा लेंगे। वहीं दूसरी ओर उन सभी की टी-शर्ट पर कोर्ट के आदेश का विरोध सरीखा कुछ लिखा होगा। इसके अलावा मुंबई के कई इलाकों में गोविदांओं ने 20 फीट ऊंचे पिरामिड की तैयारी की है। प्रशासन का कहना है कि जहां भी आदेश नहीं माना जाएगा वहां कार्यवाही की जाएगी।
विरोध का एक तरीका यह भी
दूसरी ओर, मुंबई के ही दादर में गोविंदाओं ने 20 फीट से अधिक लंबे पिरामिड का निर्माण किया। दिलचस्प बात यह है कि यह पिरामिड एक मानवश्रृंखला की तरह जमीन पर लेटकर बनाया गया। प्रतियोगियों ने कहा कि यह कोर्ट का सम्मान करते हुए यह बताने की कोशिश है कि वह आदेश से खुश नहीं हैं।
|