श्रमिकों-कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर गंभीरता से होगा विचार : डॉ. रमन सिंह
रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि श्रमिकों और कर्मचारियों के हितों के लिए राज्य सरकार सजग है और आगे भी उनसे जुड़े सभी विषयों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा- श्रमिकों और कर्मचारियों की बेहतरी के लिए जो कुछ भी संभव होगा, जरूर किया जाएगा। डॉ. सिंह आज यहां अपने निवास में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि मंडल के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा कर रहे थे। संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को विजयादशमी की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें दशहरे की बधाई दी और प्रतिनिधि मंडल के माध्यम से प्रदेश के श्रमिकों और कर्मचारियों के प्रति अपनी शुभेच्छा प्रकट की। प्रतिनिधि मंडल ने छत्तीसगढ़ के श्रमिकों तथा राज्य कर्मचारियों के हितों से संबंधित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को अलग-अलग ज्ञापन सौपकर राज्य कर्मचारियांे को सातवां वेतनमान दिलाने, नगरीय निकायों के कर्मचारियों को छठवें वेतनमान की लम्बित बकाया राशि का भुगतान करवाने, राज्य कर्मचारियों को चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान दिलाने और मध्यप्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने श्रम सलाहकार परिषद और कर्मचारी कल्याण मंडल के गठन का भी अनुरोध किया।
प्रतिनिधि मंडल में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री श्री नरेश सिंह चौहान, कार्यालय मंत्री श्री अरूण देवांगन, जिला मंत्री और राज्य कर्मचारी संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव सहित अन्य अनेक सदस्य शामिल थे।