दिलीप कुमार को निमोनिया, अगले 72 घंटे नाजुक
बॉलीवुड एक्टर दिलीप कुमार को आज सुबह सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर जलील पारकर ने मेडिकल बुलेटिन के आधार पर जानकारी दी कि उनके लिए अगले 72 घंटे बहुत नाजुक हैं।
लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने कहा, अगले 72 घंटे अहम हैं। वह निगरानी में हैं। हम लोग लगातार नजर रखे हुए हैं। अगर सुधार नहीं होता है तो दिलीप कुमार को आईसीयू में रखना पड़ सकता है। सूत्रों ने कहा कि अभिनेता को तड़के करीब दो बजे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुमार की मौजूदा हालात के बारे में पूछे जाने पर पारकर ने कहा, जिस तरह भोजन को पचने में करीब तीन घंटे लगते हैं, उसी तरह उपचार पर मरीज की प्रतिक्रिया में भी समय लगता है।
हालांकि पारिवारिक सूत्रों ने कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है। कुमार की हालत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, वह सामान्य हैं। वह ठीक हैं। कोई गंभीर बात नहीं है।
इससे पहले पार्कर ने कहा, उन्हें बुखार था और कई बार उल्टी भी हुई। वह निमोनिया से भी पीड़ित थे। उनकी श्वेत रक्त कोशिकाएं भी बढ़ी हुई थीं। हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती करना बेहतर समझा।
|