भारत ही नहीं यूएन भी मना रहा है दिवाली
जी हां, इस बार भारत के साथ संयुक्त राष्ट्र भी दिवाली मना रहा है। इस बार दिवाली की अनोखी रौनक न्यूयॉर्क में भी देखने को मिल रही है। संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय की इमारत पर पहली बार किसी देश के खास पर्व का इस तरह स्वागत किया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय का भारतीय समुदाय अगले तीन दिनों तक दिवाली जश्न मनाएगा। ये पहला मौका है जब संयुक्त राष्ट्र की इमारत पर हैप्पी दिवाली की नियोन लाइट लगी है। बता दें कि अब तक किसी भी देश के किसी भी त्योहार पर मुख्यालय की इमारत में ऐसी कोई परंपरा नहीं थी। संयुक्त राष्ट्र के इस कदम के लिए भारत ने यूएन का शुक्रिया अदा किया है।
लिखा है ‘हैप्पी दिवाली’ का संदेश
सेलिब्रेशन के लिए शनिवार को संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वार्टर की इमारत पर हैप्पी दिवाली का संदेश लिखा गया है। इस मैसेज के साथ एक दीपक भी दिखाई दे रहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने भी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की एक फोटो ट्वीट की है। अपने ट्वीट में अकबरुद्दीन ने लिखा, हैप्पी दिवाली। संयुक्त राष्ट्र पहली बार दिवाली सेलिब्रेट कर रहा है। इस पहल के लिए यूएनपीजीए को धन्यवाद। बता दें कि इससे पहले साल 2014 में भी यूएन ने दिवाली के मद्देनज़र एक अहम पहल की थी। उस समय इस संस्था ने दिवाली के दिन को नॉन-मीटिंग डे(इस दिन कोई बैठक नहीं) घोषित किया था।