11 साल की बच्ची के बनाए डूडल से चिल्ड्रेन्स डे मना रहा है गूगल
- - Advertisement - -
14 नवम्बर यानी कि आज देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन है। अब तक पूरा देश नेहरू के जन्मदिन को बाल दिवस के तौर पर मनाता आया है। ऐसे में फिर गूगल कैसे पीछे रहता। आज गूगल भी बाल दिवस सेलिब्रेट कर रहा है। ख़ास बात तो यह है कि गूगल ने आज अपने सर्च इंजन होमपेज पर पुणे की एक 11 वर्षीय बच्ची अन्विता प्रशांत तेलंग की ड्राइंग को डूडल के रूप में लगाया है। अन्विता का बनाया यह डूडल 24 घंटे तक गूगल के होम पेज पर रहेगा।
बता दें कि अन्विता के डूडल को गूगल की ’डूडल 4 गूगल’ प्रतियोगिता में राष्ट्रीय विजेता चुना गया है। इस साल की डूडल प्रतियोगिता का विषय था, ”अगर मुझे इस देश को कुछ सीखाना हुआ तो क्या सिखाऊंगा/सिखाऊंगी’। अन्विता ने अपने डूडल को ‘लिव इन द प्रेजेंट’शीर्षक दिया था। इस प्रतियोगिता के लिए देश के 50 शहरों से प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। अन्विता की जीत पर गूगल इंडिया की मार्केटिंग प्रमुख सपना चड्ढा ने उसे बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि, हमारा लक्ष्य डूडल 4 गूगल प्रतिस्पर्द्धा के जरिये नई पीढ़ी के यूजर्स में रचनात्मकता, अभिलाषा और कल्पना को प्रोत्साहन देना था।
अपने डूडल में अन्विता ने क्या दिया मैसेज
अन्विता ने अपने डूडल के जरिए संदेश दिया है कि आज की तनाव भरी जिंदगी में अकसर छोटी-छोटी चीजों में ही बड़ी खुशियां छिपी होती हैं, इसलिए मैं हर किसी को यह सिखाना चाहूंगी कि जिंदगी के हर लम्हे का मजा उठाने के लिए वक्त निकालें और अपने आसपास मौजूद छोटी-छोटी चीजों का महत्व समझें। अन्विता पुणे के बालेवाड़ी के विबग्योर हाईस्कूल की छठी कक्षा की छात्रा हैं।
- - Advertisement - -
- - Advertisement - -