यहां कांवडिय़ों का गुलाब से स्वागत करते हैं मुस्लिम धर्म के गांववाले
सावन का महीना चल रहा है और साथ ही शिवभक्तों की कावड़ यात्रा भी चल रही है। दिल्ली से लेकर हरिद्वार तक जाने वाले रास्ते में आपको कांवडिय़ों का एक जत्था जरूर मिल जाएगा। ऐसे में एकतरफ लोग हिन्दू – मुस्लिम के अलगाव की बात कर रहे हैं, वहीं कुछ ऐसा देखा जा रह है जहां मुस्लिम हिंदू की मदद कर रहे हैं।
लाल गुलाब से कांवडिय़ों का करते हैं स्वागत-
हरियाणा के मेवात का घासेड़ा गांव अपने आप में एक मिसाल है। सावन के महीने में कावडिय़ों की सेवा यहां के मुस्लिम समुदाय द्वारा ही की जाती है। इस आयोजन में ये कौमी एकता का संदेश दे रहे हैं। यहां कांवडिय़ों का स्वागत मुस्लिम गुलाब के फूल देकर करते हैं, ताकि शांति और भाईचारा बना रहे।
हर तरह से रखते हैं ध्यान-
आपको जानकर हैरानी होगी कि यहां पर आपको एक भी पुलिस बल नहीं मिलेगा। यहां लोगों के बीच इतना भाईचारा है कि पुलिस यहां कभी नहीं आती। यहां मुस्लिम लोग हिंदू लोगों के लिए सड़के साफ करते हैं। उनके खानपान और रहने का ध्यान रखते हैं। साथ ही इस दौरान वे अपनी बिरयानी की दुकान भी नहीं लगाते। इस गांव का इतिहास इतना मजबूत है कि यहां आज तक दोनों पक्षों के बीच दंगे नहीं हुए हैं। इसे दो हजार सात से आदर्श गांव का दर्जा मिला हुआ है। इस गांव को देखकर लगता है कि वाकई इंसानियत आज भी लोगों में जिंदा है।