तोंदू पुलिसकर्मियों के लिए ऑफर, वजन कम करो और पाओ इनाम
- - Advertisement - -
एक सर्वे के मुताबिक देश के आधे से ज़्यादा पुलिसकर्मी स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतते हैं। जिसके कारण उनकी बॉडी का शेप बिगड़ने लगता है। जाहिर है कि इसका असर उनके काम पर पड़ने लगता है। बहरहाल, पुलिस की इस छवि को बदलने के लिए गुजरात के सुरेन्द्रनगर जिले में एक अनोखी पहल शुरू की गई है।
दरअसल, यहां के जिलाधीक्षक दीपक मोघानी ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसके मुताबिक अगले छह महीनों में जो भी पुलिसकर्मी अपना वजन कम कर लेगा उसे अलग से इंसेंटिव दिया जाएगा। जिलाधीक्षक के आदेश के मुताबिक छह महीने के भीतर 12 किलो वजन कम करने वाले पुलिसकर्मी को 500 रुपए का नकद इनाम मिलेगा, इसके अलावा उसका नाम सर्विस रेकॉर्ड में क्रेडिट के तौर पर दर्ज किया जाएगा।
इसी तरह 9 से 12 किलो तक अपना वजन करम करने वाले पुलिसकर्मी को 300 रुपए दिए जाएंगे, जबकि वजन में 6 से 9 किलो तक की कमी करने वाले को 100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। बता दें कि यह स्कीम 1 फरवरी से चालू हो रही है और अगले 6 महीने तक चलेगी।
इस स्कीम से 1,050 पुलिसकर्मियों को कवर किया जाएगा
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू के दौरान जिलाधीक्षक मोघानी ने बताया कि पुलिसकर्मियों की फिटनेस को सुधारने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। हमारा लक्ष्य निश्चित समय सीमा के भीतर अधिक वजन वाले पुलिसकर्मियों की संख्या को कम करना है। इस अभियान में हिस्सा लेने वाले पुलिसकर्मियों का नियमित फिजिकल और मेडिकल चेकअप होगा।’
मेघानी ने बताया कि इस स्कीम के तहत जिले के 1,050 पुलिसकर्मियों को कवर किया जाएगा। यह प्रक्रिया सरकारी डॉक्टरों की मदद से विभिन्न मापदंडों पर हेल्थ चेकअप्स के साथ शुरू होगी। डॉक्टरों की ओर से हर पुलिसकर्मी का हेल्थ कार्ड तैयार किया जाएगा। 6 महीने बाद उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा। मेघानी ने आगे कहा,’हमें उम्मीद है कि इससे आने वाले समय में पुलिस अधिक स्मार्ट और फिट दिखाई देगी।’
- - Advertisement - -