रवि शास्त्री को हाल ही में इंडियन क्रिकेट टीम का कोच चुन लिया गया है। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की हार के बाद से ही अनिल कुंबले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और ये पद रिक्त था। काफी लंबे समय से कयास भी लगाए जा रहे थे कि रवि शास्त्री ही इस पद के प्रबल दावेदार होंगे।
रवि शास्त्री को टीम इंडिया में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तो जाना ही जाता है साथ ही उन्हें बेहतरीन कॉमेंट्री करने के लिए भी जाना जाता है। टीम इंडिया में मैच खेलने के दौरान उनके कई सारे किस्से हैं जो मशहूर है। उनमें से एक किस्सा उनके और बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता सिंह का भी है।
रवि शास्त्री अपने जमाने के हैंडसम क्रिकेटर माने जाते थे। उस समय उनकी फीमेल फैन फॉलोविंग भी तगड़ी हुआ करती थी। रवि शास्त्री का शादी से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस अमृता सिंह के साथ भी नाम जुड़ा था। अमृता सिंह के साथ अफेयर को लेकर उनकी खूब चर्चा हुई थी।
अमृता और रवि शास्त्री के अफेयर उस समय सनसनी बना जब इन दोनों ने एक मैग्जीन के लिए साथ में फोटोशूट कराया। उस समय ये भी अफवाह उड़ी की इन दोनों ने सगाई कर ली है और जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे लेकिन उस समय यह बात झूठी साबित हुई। साल 1990 में रवि ने रितु सिंह से शादी कर सभी अफवाहों पर फुल स्टॉप लगा दिया।
आपको बता दें कि रवि शास्त्री अपने खेल में भी काफी माहिर थे। उनके नाम पर लगातार छः छक्के लगाने का रिकॉर्ड है जो उन्होंने जनवरी 1985 में बनाया था। इसके अलावा वर्ल्ड क्रिकेट चैंपियंशिप में पांच मैचों में 182 रन बनाने के साथ आठ विकेट लिए थे। उस समय उन्हें प्लेयर ऑफ दी सीरिज चुना गया था।