इतिहास रचने को तैयार इसरो, एक साथ लॉन्च करेगा 104 सैटेलाइट
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आगामी 15 फरवरी को एक नया इतिहास रचने के लिए तैयार है। दरअसल इस दिन इसरो श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से एक साथ 104 सैटेलाइट को लॉन्च करेगा। इस संबंध में इसरो के एक अधिकारी ने बताया कि,”हमने अंतरिम रूप से पृथ्वी से करीब 500 किमी ऊपर सूर्य-समकालिक (सन-सिंक्रोनस) कक्षा में सुबह करीब नौ बजे उपग्रहों को छोड़ने का फै़सला किया है।” अधिकारी ने आगे बताया कि उपग्रहों में तीन भारतीय, 88 अमेरिकी और शेष इजरायल, कजाखिस्तान, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात से हैं।
रूस और अमेरिका का रिकार्ड तोड़ेगा इसरो
इसरो इस उपग्रह के ज़रिए रूस और अमेरिका का रिकार्ड तोड़ने जा रहा है। बता दें कि साल 2014 में रूस ने एक साथ 37 उपग्रह छोड़े थे। वहीं अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने साल 2013 में एक साथ 29 उपग्रह छोड़ रिकार्ड कायम किया था। अब इन दोनों ही रिकार्ड्स को इसरो तोड़ेगा। बहरहाल इस सैटेलाइट से पहले इसरो ने 22 जून, 2016 को एक बार में 20 उपग्रह छोड़े थे।
इस सैटेलाइट में क्या है ख़ास?
-उपग्रहों का प्रक्षेपण पीएसएलवी-सी37 से किया जाएगा। उपग्रहों का संयुक्त भार 1,500 किग्रा होगा।
-इसमें 650 किग्रा का रिमोट-सेंसिंग कार्टोसेट-2 और 15-15 किग्रा के दो छोटे उपग्रह आइए और आइबी शामिल हैं।
- - Advertisement - -