बर्ड फ्लू पर लगाम लगाने के लिए ये देश मारेगा 2,10,000 मुर्गियां
- - Advertisement - -
इस बार बर्ड फ्लू ने अपने लपेटे में जापान को लिया है। जी हां इस समय जापान में बर्ड फ्लू के नाम से लोगों में खौफ की स्थिति बनी हुई है।इसी के चलते यहां पर मुर्गियों को मारना शुरू किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, जापान के उत्तरी होक्काइदो में तकरीबन 2,10,000 मुर्गियों को मारा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने तैनात किए अधिकारी
बर्ड फ्लू के संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी संख्या में अधिकारियों को तैनात किया है। इसके लिए विभाग की ओर से अधिकारियों को ज़रूरी दिशा निर्देश भी दिए गए हैं। इतना ही नहीं प्रशासन ने संक्रमित मुर्गी बाड़ो के पास के कुछ इलाकों की सड़कों को बंद भी कर दिया है। इन सड़कों से उत्पाद ले जाने पर बैन लगाया गया है।
इस सीजन की पांचवी कार्रवाई है ये
अधिकारियों के मुताबिक, इस सर्दी के मौसम में मुर्गियों को मारने की यह पांचवी कार्रवाई है। स्थानीय अधिकारियों की माने तो शनिवार को उत्तरी होक्काइदो के शिमजु शहर में 32,310 मुर्गियों को मारने के बाद अब बर्ड फ्लू के संक्रमण में कमी आयी है। अधिकारियों ने एएफपी को बताया कि , ”हम आज भी मुर्गियों को मारना जारी रखेंगे, लेकिन रात में तापमान शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाने के कारण इसमें कठिनाई आ रही है।”
बता दें कि इससे पहले भी जापान के कई मुर्गी फार्मों में बर्ड फ्लू का संक्रमण पाया गया था। जिसके बाद यहां के नीगाता शहर में 5,50,000 मुर्गियों को मारा गया था। मुर्गियों के अलावा तकरीबन 23,000 बत्तखों को भी मारा गया था। ग़ौरतलब है कि जापान में इस संक्रमण से पहले जनवरी 2015 के दौरान एक मुर्गीपालन बाड़े में बर्ड फ्लू का प्रकोप फैला था।
- - Advertisement - -