कोर्ट ने सलमान को दिया न्यू ईयर का सबसे बड़ा तोहफ़ा
- - Advertisement - -
तकरीबन 18 साल पुराने आर्म एक्ट केस में जोधपुर कोर्ट ने सलमान को सबसे बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने संदेह का लाभ देकर सलमान को आर्म एक्ट के तहत दर्ज केस में बरी कर दिया है। इसका मतलब यह है कि अब बॉलीवुड के सुल्तान सलमान को जेल नहीं जाना होगा।
क्या हुआ कोर्ट रूम में?
जैसे ही सलमान कोर्ट में पहुंचे तो जज ने उनका नाम पूछा। जज के सवाल का जवाब देते हुए सलमान ने अपना नाम बताया। इसके तुरन्त बाद जज ने कहा कि, आपको दोष मुक्त किया जाता है। यह सुनकर सलमान के चेहरे पर मुस्कान आ गई। कोर्ट के फै़सले के तुरन्त बाद ने सलमान ने खुशी जताते हुए अपनी बहन अलवीरा से हाथ मिलाया। इसके साथ ही वहां पर मौजूद कई फैंस को ऑटोग्राफ दिया और फिर वह कोर्ट परिसर से रवाना हो गए।
बता दें कि जब सलमान कोर्ट के अंदर पहुंचे थे तो उनके चेहरे पर तनाव दिखाई दे रहा था। वैसे कोर्ट के इस फ़ैसले सलमान के फैन्स में खुशी की एक लहर छा गई है।
सलमान पर क्या था आरोप?
साल 1998 में फ़िल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर अवैध शिकार का आरोप लगा था। इसमें सलमान ख़ान के खि़लाफ़ चार केस दर्ज हुए थे। इसमें से एक केस कांकाणी में शिकार में अवैध हथियार के इस्तेमाल का भी था। सलमान पर आरोप था कि शिकार के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार एक पिस्टल और एक रायफल का लाइसेंस खत्म हो गया था और इन हथियारों के लाइसेंस का रिन्यूअल नहीं कराया गया था। आज इसी केस पर जोधपुर कोर्ट ने अपना फ़ैसला दिया है।
ये है आर्म्स एक्ट ?
सलमान ख़ान के खि़लाफ़ अक्तूबर 1998 में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और 3/27 में मामला दर्ज किया गया था। बता दें कि धारा 3/25 के अनुसार वैध लाइसेंस के बगैर हथियार रखना। ये हथियार अवैध माने जाते है और इस धारा के तहत अधिकतम तीन साल की सजा प्रावधान है। वहीं धारा 3/27 के तहत अवैध तरीके से हथियारों को रखने के साथ उनका दुरुपयोग करने का शामिल किया गया है। यदि यह आरोप सही साबित होता है तो आरोपी को अधिकतम सात साल तक की सजा हो सकती है।