धोनी की दोस्ती का अनोखा अंदाज़, चायवाला दोस्त सामने आया तो गले लगाया
- - Advertisement - -
इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर कैप्टन कूल के नाम से तो फेमस हैं ही साथ ही वह अपने यारों-दोस्तों के बीच भी काफी फेमस हैं। उनकी दोस्ती का एक उदाहरण अभी हाल ही में देखने को मिला। इन दिनो धोनी देश की घरेलू वनडे सीरिज विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं और वही उनकी मुलाक़ात एक ऐसे दोस्त से हो गई जो चाय बेचता है।
इस समय वे झारखंड टीम की कप्तानी कर रहे हैं। इसके चलते धोनी कोलकाता में हैं। कोलकाता से ही धोनी के क्रिकेट कॅरियर ने करवट ली थी। अब जब वे एक बार फिर से अपने राज्य की टीम के साथ कोलकाता में हैं तो इस मौके पर पुराने साथियों से भी मिल रहे हैं। साथ ही पुराने दिनों की तरह ही ट्रेन में सफर कर रहे हैं।
26 फरवरी को छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच के दौरान धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए उनके पुराने दोस्त ईडन गार्डन्स में भी मौजूद रहे। इस मैच में धोनी ने शतक लगाया था और टीम को जीत दिलाई थी। मैच के बाद धोनी ने सभी पुराने दोस्तों से मुलाकात की। इनमें रेलवे के दोस्तों से लेकर खड़गपुर स्टेशन के चायवाला तक शामिल था। धोनी से मिलने के लिए ये सभी ईडन गार्डन्स में ड्रेसिंग रूम के बाहर इंतजार कर रहे थे।
दोस्तों का नेतृत्व सत्यप्रकाश सिन्हा कर रहे थे। सत्यप्रकाश रेलवे में धोनी के साथ ही काम करते थे और उनके रूममेट भी थे। जब खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर चाय की दुकान लगाने वाले थॉमस से धोनी मिले तो वे तुरंत उन्हें पहचान गए। इसके बाद धोनी ने काफी देर तक उनसे बात की। थॉमस ने बताया कि अब वो उनकी दुकान का नाम धोनी ही रखेंगे।
धोनी जब रेलवे में टीसी थे तो थॉमस उनकी चाय के लिए अलग दूध रखते थे। सुरक्षा कारणों से धोनी सभी से स्टेडियम में नहीं मिल पाए। इसका रास्ता निकालते हुए उन्होंने सभी को टीम होटल में बुलाया। यहां पर धोनी ने उनके साथ डिनर किया। हाल ही उन्होंने टीम के साथ रेल के जरिए रांची से कोलकाता का सफर तय किया था। उन्होनें काफी समय बाद रेल यात्रा की थी।
वहीं धोनी विजय हजारे ट्राफी ग्रुप डी मैचों के लिये कल्याणी में बंगाल क्रिकेट अकादमी में ही रूकेंगे। झारखंड टीम के मैनेजर पीएन सिंह ने कहा, ‘‘पहले हम यहां होटल में ठहरना चाहते थे लेकिन अब हम कल शाम को रवाना होंगे और मैच के बाद कोलकाता वापस लौटेंगे।’’ बंगाल क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने कहा कि वह अपनी तरफ से धोनी की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और साथ ही उनके परिसर में काफी सुविधाएं हैं। कैब के अधिकारी ने कोलकाता से 50 किमी दूर स्थित कल्याणी में अपने परिसर के बारे में कहा, ‘‘उसमें 30 सुसज्जित कमरे हैं और वहां चार सितारा होटल से कम सुविधाएं नहीं हैं।’’ झारखंड को कल्याणी में 28 फरवरी को सेना और छह मार्च को जम्मू एवं कश्मीर से मैच खेलने हैं।
- - Advertisement - -