शुरू हुआ “ऑपरेशन दुर्गा” , अब मजनुओं की खैर नहीं
यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं का असर धीरे-धीरे अन्य राज्यों में भी होता दिखाई दे रहा है। राज्य सरकारों ने उनकी योजनाओं को अपने राज्य में भी अमल में लाना शुरू कर दिया है। इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां महिलाओं से छेड़छाड़ के खिलाफ योगी सरकार ने एंटी रोमिया स्क्वाड तैयार किया था, वहीं अब हरियाणा सरकार भी योगी सरकार की तर्ज पर खट्टर सरकार ने ऑपरेशन दुर्गा शुरू कर दिया है। इसके तहत पहले ही दिन अलग-अलग जगहों से 72 असामाजिक तत्वों को महिलाओं से छेडख़ानी या उन पर फब्तियां कसते पकड़ा गया। ऑपरेशन दुर्गा की कमान मुख्यमंत्री ने फ्लाइंग स्क्वाड के हाथ में दी है। इनमें 9 महिला सबइंस्पेक्टर, 14 महिला एएसआई , 6 महिला हेड कॉन्स्टेबल और 13 महिला कॉन्स्टेबल शामिल हैं।
इन टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे लोगों को मौके पर दबोचा जो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार पकड़ में आए लोग महिला पुलिसकुर्मियों के पैर छूते और कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अब मजनुओं की खैर नहीं है। क्योंकि मुख्यमंत्री ने उडऩदस्ते की 24 टीमें तैयार की हैं। इनके सहयोग के लिए हर जिले में अन्य पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया है।
ऑपरेशन दुर्गा के बारे में अधिकारियों ने बताया कि महिलाएं काफी समय से ऐसे तत्वों से परेशान थीं और काफी शिकायतें भी इसे लेकर मिल रही थीं। सबसे पहले ऐसी जगहों की पहचान की गई जहां आवारा लड़के महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं। आमतौर पर ये देखने में आया है कि स्कूल, कोचिंग, कॉलेज जैसी जगहों पर महिलाओं को असामाजिक तत्वों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं के खिलाफ होने वाले क्राइम से निपटने के लिए हर जिले में महिला पुलिस स्टेशन खोल दिए हैं। इसके बावजूद महिलाएं थानों में रिपोर्ट करने से बचती हैं।
- - Advertisement - -