भाजपा का घोषणापत्र जारी, राममंदिर बनाने का वादा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। उन्होंने प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने हेतु पार्टी द्वारा किये गये तमाम वादों का जिक्र किया। इस घोषणा पत्र में पार्टी ने संवैधानिक तरीके से अयोध्या में राममंदिर बनाने का वादा भी किया। अमित शाह ने कहा कि वर्तमान स्थिति में हम सरकार बनाने की ओर अग्रसर हैं। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जीरो है और सपा परिवार में उलझी है।
घोषणा पत्र में उल्लेख किया गया है कि किसानों से कर्ज पर ब्याज नहीं लिया जायेगा। गन्ना किसानों को तुरंत भुगतान किया जायेगा। कृषि मजदूरों को दो लाख का बीमा दिया जायेगा। डेढ़ लाख पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जायेगी। डेयरी विकास फंड का गठन होगा। अपराध रोकने और प्रदेश में कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। मजदूरों के अवैध कत्लखाने बंद कराये जायेंगे।
अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराने में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जायेगा। एंटी भू-माफिया फोर्स का गठन किया जायेगा। युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जायेगी। वर्ग-3 और वर्ग-4 की नियुक्तियों में इंटरव्यू समाप्त कर दिया जायेगा। युवाओं को मुफ्त लैपटॉप और एक जीबी इंटरनेट फ्री दिया जायेगा। शाह ने कहा कि प्रदेश में 25 नये मेडिकल कॉलेज बनाये जायेंगे। छह एम्स खोले जायेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी एक ही जाति के लोगों को नौकरी में प्राथमिकता दी जा रही थी, लेकिन हम भेदभावपूर्ण नियुक्तियों को बंद करेंगे। लड़कियों को ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा दी जायेगी। साथ ही प्रदेश में 90 प्रतिशत यूपी के युवाओं को ही नौकरी मिले, ऐसी व्यवस्था की जायेगी।
ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर शाह ने कहा कि हम मुस्लिम महिलाओं से बात कर इस मुद्दे पर निर्णय लिया जायेगा। महिला सुरक्षा के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जायेगा। कॉलेज-स्कूल में लड़कियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए एंटी रोमियो दल बनाया जायेगा।छह शहरों में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की जायेगी। कानपुर और गोरखपुर में जल्दी ही मेट्रो सेवा शुरू की जायेगी। लखनऊ-नोएडा के मेट्रो का विस्तार किया जायेगा।
अमित शाह ने कहा कि उज्जवला योजना के तहत सभी गरीब परिवारों में एलपीजी कनेक्शन पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा। गरीबों के लिए कल्याण कार्ड बनाया जायेगा। पांच साल में हर घर में 24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम किया जायेगा। गरीबों को सौ यूनिट बिजली, तीन रुपये प्रति यूनिट की दर से मिलेगी।
घोषणा पत्र की जानकारी देते हुए अंतिम में अमित शाह ने राम मंदिर का जिक्र कर ही दिया और कहा कि अयोध्या में राम मंदिर संवैधानिक तरीके से निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र जारी करने के लिए हमने 30 लाख लोगों की राय जानी है. पिछले 15 सालों से उत्तर प्रदेश का विकास नहीं हुआ है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। घोषणापत्र जारी करने के लिए अमित शाह दोपहर तीन बजे के आसपास लखनऊ पहुंचे। भाजपा के घोषणापत्र को ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ नाम दिया गया है। अमित शाह के साथ पीयूष गोयल, भूपेंद्र यादव, केशव प्रसाद मौर्य, ओम माथुर और योगी आदित्यानाथ भी मौजूद थे।
- - Advertisement - -