ट्रम्प की जीत से चीन और पाक हुआ परेशान
- - Advertisement - -
अमेरिकी चुनाव पर सभी देशों की नज़रें थी। तकरीबन हर कोई यही अनुमान लगा रहा था कि इस बार अमेरिका को एक महिला राष्ट्रपति यानी कि हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति के रूप में मिलेगी। लेकिन जो रिजल्ट आया उसने सभी को चौंका दिया। अपनी जीत से डोनाल्ड ट्रम्प ने जहां सभी को हैरान किया तो वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान और चीन को परेशान भी कर दिया।
चीन क्यों हो रहा है परेशान?
-अपने चुनाव प्रचार के दौरान ट्रम्प इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले पर चिन्ता जता चुके हैं। एक भाषण के दौरान ट्रम्प ने कहा था कि इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में अमेरिका चीन और दुबई जैसे देशों से पिछड़ चुका है। मानो अमेरिकी तीसरी दुनिया का देश बन गया हो। उस समय ट्रम्प ने वादा किया था कि यदि वे अमेरिका के राष्ट्रपति बनते है तो वह चीजों को दुरूस्त करेंगे और अब वे राष्ट्रपति बन चुके हैं।
-बता दें कि विश्व में बढ़ती आर्थिक शक्तियों के मामले में अमेरिकी नागरिक भी काफ़ी समय से बदलाव के मूड में नज़र आ रहे थे। इन शक्तियों में चीन का नाम भी आता है। जानकारों की माने तो अब ट्रम्प अपने चुनावी वादे को पूरा करने के लिए चीन को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में कटौती करेंगे।
-इसके साथ ही अब हो सकता है कि ट्रम्प अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग जॉब वापस लाने की कोशिश करे। यदि वे ऐसा करते हैं तो चीन को आर्थिक संकट का सामना करने से कोई रोक नहीं पाएगा। ग़ौरतलब है कि अमेरिका में पिछले 15 सालों के भीतर तकरीबन 50 लाख नौकरियां खत्म हुई है जबकि इतने ही समय में चीन में मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में सबसे ज़्यादा ग्रोथ देखी गई है।
..और पाक इसीलिए है परेशान
-भले ही ट्रम्प की ओर से दिए गए मुस्लिम विरोधी और प्रवासी विरोधी बयानों की निन्दा हो चुकी हो लेकिन अब यही बयान पाक की नींद उड़ा देंगे। अपने चुनाव प्रचार के दौरान ट्रम्प पहले ही यह साफ़ कर चुके थे कि यदि वे राष्ट्रपति बनते हैं तो वह परमाणु हथियारों से संपन्न पाकिस्तान को सबक सिखाएंगे।
-इतना ही नहीं आतंकवाद पर चिन्ता जताते हुए ट्रम्प पाकिस्तान को एक समस्या तक कह चुके हैं। इसके साथ ही ट्रम्प आतंकवाद जैसी समस्या से निपटने के लिए भारत का साथ देने की बात भी कह चुके हैं। अब यदि ट्रम्प अपने इन वादों को पूरा करते तो यह पाकिस्तान के लिए वास्तव में बहुत बड़ी परेशानी का कारण हो सकता है। यूं भी ट्रम्प के बारे में कहा जाता है कि वह जो बोलते हैं उसे करके भी दिखाते हैं।
- - Advertisement - -
- - Advertisement - -