आपको थिरकने पर मजबूर कर देगा ‘बेफिक्रे’ का नया डांसिंग नम्बर
- - Advertisement - -
बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा निर्देशित फिल्म बेफिक्रे का नया सॉन्ग नशे सी चढ़ गई रिलीज कर दिया गया है। आप ये नया सॉन्ग देखकर झूम उठेंगे। इस गाने मे रणवीर सिंह और वाणी कपूर जबरदस्त डांस मूव्स करते नजर आ रहे हैं। उनके इस डांस मूव्स को देखकर आप भी खुद को झूमने से रोक नहीं पाएंगे। गाने में दोनों सड़को पर नाचते नजर आ रहे हैं। इस गाने में भी वाणी कपूर काफी बोल्ड लग रही हैं। दोनों खुलकर प्यार करते दिख रहे हैं। इस गाने को अरिजीत सिंह ने गाया है।
कुछ दिनों पहले ही इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था। खास बात तो ये है कि इस फिल्म का ट्रेलर पेरिस के एफिल टॉवर में रिलीज किया गया था। ट्रेलर की शुरूआत रणवीर सिंह और वाणी कपूर की बातचीत से होती है, जहां यह वादा किया जाता है कि वे कभी आई लव यू नहीं बोलेंगे। ट्रेलर देखकर लगता है कि धर्म और शायरा को जीवन में सेक्स, मस्ती और टहलने के अलावा कोई काम नहीं है। हालांकि, यशराज बैनर सलाम नमस्ते और नील एन निक्की जैसी फिल्में पहले ही बना चुका है, जिसमें लड़का लड़की मॉर्डन हैं, जिनके लिए साथ बिना शादी साथ रहना, सेक्स करना आम बात है। इस बार फर्क इतना है कि फिल्म का निर्देशन स्वयं आदित्य चोपड़ा कर रहे हैं और सैफ अली खान, प्रीति जिन्टा, उदय चोपड़ा और तनीषा मुखर्जी की जगह रणवीर सिंह और वाणी कपूर हैं।
फिल्म के ट्रेलर में बोल्ड सीनों के अलावा ऐसा कुछ नहीं जो दर्शकों को बेफिक्रे देखने के लिए उत्सुक करें। बल्कि आदित्य चोपड़ा की इस कोशिश ने यशराज बैनर से अच्छी और साफ सुथरी फिल्मों की उम्मीद लगाए बैठे कुछ पुराने ख्यालात के सिने प्रेमियों को यकीनन निराश किया होगा। हालांकि, इस ट्रेलर में उड़े दिल बेफिक्रे गीत के बोल और संगीत काफी अच्छा है।
यह एक लव स्टोरी है जिसकी ज्यादातर शूटिंग पेरिस में हुई है। सुनने में तो ये भी आ रहा है कि इस फिल्म के ज़रिए रणवीर सिंह और वाणी कपूर ने ऑन-स्क्रीन किसिंग के सारे रिकार्ड तोड़ दिए है। इस फिल्म में 23 लिप किस देखने को मिलेंगे। इस फिल्म से आदित्य चोपड़ा सात साल बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। निर्देशक के तौर पर उनकी आखिरी फिल्म ’रब ने बना दी जोड़ी’ थी जो साल 2008 में आई थी। ग़ौरतलब है कि रणवीर सिंह और वाणी कपूर दोनों के फिल्मी करियर की शुरुआत यशराज प्रोडक्शन की फिल्म से हुई थी। रणवीर ने ’बैंड बाजा बारात’ और वाणी कपूर ने ’शुद्ध देसी रोमांस’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म नौ दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
- - Advertisement - -
- - Advertisement - -