बिहार टॉपर घोटाले के आरोपी बच्चा राय ने किया सरेंडर
सोनपुर। बिहार में हुए टॉपर घोटाले में विशुन राय कॉलेज के संचालक अमित कुमार (बच्चा राय) ने वैशाली के भगवानपुर में पुलिस में अपने आप को सरेंडर कर दिया है। बच्चा राय ने अपने आप को सरेंडर करते हुए पुलिस से कहा कि में बेकसुर हूं, मुझे न्यायालय पर पूरा भरोसा है कि वह मेरे साथ न्याय करेगा। उसने कहा कि मेरे कॉलेज में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है।
बच्चा राय ने शनिवार को दोपहर करीब पौने दो बजे अपने आप को सरेंडर किया। राय ने अपने कॉलेज के पास ही अपने दो-तीन अन्य साथियों के साथ अचानक पुलिस को सरेंडर कर दिया। तब पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेते हुए गाड़ी में बैठाया और पटना के लिए रवाना हो गई।
Vaishali (Bihar): Principal of Vishun Rai college Baccha Rai surrenders, in connection with toppers scam. pic.twitter.com/SQadSjcgkT
— ANI (@ANI_news) June 11, 2016
पुलिस और मीडियाकर्मी भगवानपुर में विशुनराय कॉलेज के पास तड़के सुबह आठ बजे से ही इकट्ठा होना शुरु हो गए थे। उसके बाद तकरीबन 10 बजे वैशाली एसपी राकेश कुमार और एएसपी राशिद जमां भी वहां पहुंच गए। एसपी मॉनिटरिंग करते रहे जबकि राशिद जमां कॉलेज के पास पुलिसकर्मियों के साथ डटे थे। भगवानपुर, सराय, गोरौल, करताहां, लालगंज थाने के पुलिस पदाधिकारियों के अलावा हाजीपुर से भी सैप के जवान बुलाए गए थे।
पुलिस बच्चा राय की तलाश में काफी खोज बिन कर रही थी लेकिन वह उन्हें नहीं मिल पा रहा था। बच्चा को पकड़ने के लिए पुलिस ने पटना, वैशाली और जमशेदपुर तक में कई जगह छापे मारे पर उनके हाथ सिर्फ नाकामी ही आई। जमशेदपुर में बच्चा राय की ससुराल है वहां से भी पुलिस को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। जब राय ने अपने आप को अपने साथियों के साथ सरेंडर किया तब उसने कुर्ता-पजामा पहना हुआ था। उसने मीडिया से दो-चार शब्द ही कहे थे कि अचानक भगवानपुर के थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने उसे गिरफ्तार कर लिया।