चीन मे दिखेगा अरबी टच बनेगी वर्ल्ड मुस्लिम सिटी
दुनिया भर में जहां देश स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद कर रहे है वहीं चीन कुछ अलग करने की जुगत मे हैं। चीन वर्ल्ड मुस्लिम सिटी को विकसित कर रहा है। चीन के यिनचुआन शहर में इन दिनों तेजी से निर्माणकार्य चल रहा है और पूरे शहर का जैसे नक्शा ही बदल रहा है। चीन ऐसा अरब के रईसों को ध्यान में रखते हुए कर रहा है। हालांकि इस शहर को बनाने के पीछे अरब के अमीर पर्यटकों को आकर्षित करने के अलावा चीन की कुछ और मंशाएं भी हैं।
अरबी टच से सराबोर होगा चीन
इस शहर में खास बात का ध्यान रखा जाएगा कि ये अरबी टच से सराबोर हो। इस शहर में सभी सड़कों पर चीन की मंडारित भाषा और अंग्रेजी के साथ-साथ अरबी भाषा में भी साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके लिए नए सिरे से पेंट किया जा रहा है। यहीं पर एक सम्मेलन स्थल भी है, जहां कुछ समय पहले चीन-अरब स्टेट्स एक्सपो का आयोजन किया गया था। 3.5 बिलियन डॉलर की अनुमानित लागत से बन रहे इस शहर के 2020 ते पूरी तरह से तैयार हो जाने की उम्मीद है।
चीन के सबसे बड़े मुस्लिम तबके, हुई को समर्पित एक खास थीम पार्क बनाए जाने की भी योजना है। यह थीम पार्क बेहद आलीशान होगा। इसमें ताज महल और नीली मस्जिद की प्रतिकृतियां भी बनाई जाएंगी। चीन वर्ल्ड मुस्लिम सिटी से अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रहा है।
चीन में उइगर मुस्लिम समुदाय सरकार के निशाने पर है। इससे अलग हुई मुसलमान अपनी आदतों और संबंधों में चीन के बहुसंख्यक हान समुदाय के ज्यादा करीब हैं। चीन को आईएस का भी खतरा है। आईएस चीन के हुई और उइगर समुदाय को अपनी सरकार के खिलाफ लामबंद करने की कोशिश कर रहा है।