नोटबंदी के फ़ैसले पर चीन भी कर रहा पीएम मोदी की तारीफ़
- - Advertisement - -
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से 500 और 1000 रुपये के नोटों को बंद किए जाने के फ़ैसले का चीन भी समर्थन कर रहा है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने पीएम मोदी के इस फै़सले को ’हैरतअंगेज और बहादुरी भरा कदम’ बताया है। ग्लोबल टाइम्स ने लिखा, ”नरेंद्र मोदी का यह फै़सला भ्रष्टाचार के खि़लाफ़ लड़ाई में उठाया गया बड़ा कदम है।”
भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ मोदी की मुहिम में चीन के सुझाव’ शीर्षक से लिखे गए लेख में कहा गया है, ”मोदी ने सही मंशा से यह फ़ैसला लिया है और यह भारत की वास्तविकता को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह सही है। भारत में अब तक ज्यादातर अवैध धंधे कैश में ही होते रहे हैं और इनमें बड़ी करंसी का योगदान सबसे अधिक रहा है। भारत में 500 और 1000 रुपये के नोटों का सर्कुलेशन करीब 80 फीसदी तक है। हालांकि यह नहीं कहा जा सकता कि इस फै़सले से भ्रष्टाचार को पूरी तरह से खत्म किया जा सकता है।”
न्यूज़पेपर ने आगे राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से करप्शन के ख़िलाफ़ चलाए गए अभियान का हवाला देते हुए लिखा है, ”नोटबंदी के अलावा भी मोदी सरकार को करप्शन से निपटने के लिए कुछ कड़े कदम उठाने होंगे। सबसे महत्वपूर्ण चीज है, व्यवस्था में सुधार करना। इस संदर्भ में नई दिल्ली को पेइचिंग से भी कुछ आइडियाज लेने चाहिए।”
बता दें कि 2012 में राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद से ही शी चिनफिंग ने करप्शन के ख़िलाफ़ कड़ा अभियान चलाया है। भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ शी की मुहिम के चलते लाखों भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजा जा चुका है। बहरहाल, चीन के आधिकारिक मीडिया ने पीएम मोदी के इस कदम को भ्रष्टाचार से निपटने में नाकाफी करार दिया है।
- - Advertisement - -