गुड़गांव में लगी देश की पहली भूकंप प्रणाली, 30 सेकेंड पहले देगी चेतावनी
देश में पहली बार भूकंप से बचने के लिए भूकंप चेतावनी प्रणाली की स्थापना की गई है। इसकी स्थापना हरियाणा में गुड़गांव में की गई है। ये देश की पहली भूकंप चेतावनी प्रणाली है। ये भूकंप आने के 30 सेकेंड पहले ही चेतावनी देगी। इस प्रणाली का सोमवार को प्रदेश के वित्त एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने विधिवत उद्घाटन किया। उन्होने कहा कि 30 सेकेंड समय भले ही कम प्रतीत हो रहा हो लेकिन भूकंप में फंसे लोगों के लिए एक-एक सेकेंड कीमती होता है।
बताई यंत्र की उपयोगिता
राजस्व मंत्री ने कहा कि गुड़गांव भविष्य का शहर है जिसे ग्लोबल सिटी या मिलेनियम सिटी भी कहा जाता है। यहां पर अतंरराष्ट्रीय मानको के अनुसार सुरक्षा के प्रबंध होने ही चाहिए, चाहे वह भूकंप के मामले में ही क्यों ना हों। हरियाणा का ज्यादा हिस्सा भूकंप के हिसाब से सिस्मिक जोन-4 में पड़ता है। यह भूकंप चेतावनी प्रणाली भी आईटी आधारित है। इस दिशा में यह जर्मन तकनीक वाली भूकंप चेतावनी प्रणाली स्थापित करना हिपा की सराहनीय पहल है। इससे पूर्व बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनिल सिन्हा ने कहा कि वे विशेष रूप से इस प्रणाली को देखने के लिए यहां आए हैं। देश में यह नई पहल करने के लिए उन्होंने हरियाणा को बधाई दी।
इस तरह काम करता है भूकंप चेतावनी यंत्र
हिपा के महानिदेशक एसपी गुप्ता ने बताया कि भूकंप आने से पहले चेतावनी देने वाली यह प्रणाली विश्व के 26 देशों में संचालित की जा रही है। भारत में हिपा परिसर में यह पहली प्रणाली लगाई गई है। जब भूकंप आता है तो तीन प्रकार की तरंगें- प्राथमिक, द्वितीय और तृतीय निकलती हैं। यह प्रणाली प्राथमिक तरंगों के निकलते ही चेतावनी देकर सतर्क कर देती है ताकि भवन में जितने लोग काम कर रहे हैं वे सुरक्षित हो जाए। इस प्रणाली की मदद से 30 सेकेण्ड पहले चेतावनी मिलेगी कि भूकंप आने वाला है। रिक्टर स्केल पर 5 से ऊपर भूकंप आने की ही चेतावनी देगी।
प्रदर्शन कर दिखाया
कैप्टन अभिमन्यु ने जर्मन कंपनी सैफ्टी इलैक्ट्रोनिक्स के प्रबंध निदेशक जुआरगन रेजिबिलक से इस प्रणाली की पूरी जानकारी ली। रेजिबिलक ने मंत्री को मौके पर ही प्रदर्शन करके दिखाया। जैसे ही उस मेज को हिलाया गया जिस पर यंत्र रखे हुए थे, अचानक सायरन बजने लगा। हिपा बिल्डिंग की बिजली सप्लाई और लिफ्ट आदि स्वतः ही रूक गई।