भारत ने 5 गोल्ड सहित 14 मैडल जीते, चीन रहा सिरमौर
भारत ने दूसरी एशियाई युथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 5 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रोंज सहित कुल 14 मैडल जीतकर पदक-तालिका में 3रा स्थान हासिल किया है। एशियाई खेल महाशक्ति चीन ने 16 गोल्ड, 9 सिल्वर और 5 ब्रोंज सहित कुल 30 मैडल जीतकर तालिका में पहला स्थान पा लिया। चीनी ताइपे ने 6 गोल्ड सहित 15 मैडल जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। चैम्पियनशिप के अंतिम दिन मंगलवार को गुरविंदर सिंह, पलेंदर कुमार, मनीष और अक्षय नैन की चौकड़ी ने मेडले रिले में 1 मिनट 55.71 सेकंड का समय लेकर गोल्ड मैडल जीता। भारत ने भाला फेंक में सिल्वर और ब्रोंज मैडल भी जीता। रोहित यादव ने 74.30 मीटर की थ्रो के साथ सिल्वर और अविनाश यादव ने 70.09 मीटर तक की थ्रो के साथ ब्रोंज मैडल जीता।
इससे पहले हरियाणा के अभय गुप्ता और साहिल सिलवाल ने सोमवार को डिस्कस थ्रो में गोल्ड और सिल्वर मैडल जीतकर इतिहास रच दिया था। अभय ने 56.47 मीटर तक गोला फेंककर स्वर्ण जीता और ईरान के साजिद हसन का 53.06 मीटर का रिकॉर्ड तोडा। साहिल ने 54.58 मीटर की थ्रो के साथ सिल्वर जीता। हरियाणा के संजय कुमार ने 10000 मीटर पैदल चाल का गोल्ड 45:30.39 मिनट में जीता। भारत को अन्य गोल्ड मैडल गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर में 10.77 सेकंड का समय निकालकर और अभिषेक मैथ्यू ने 800 मीटर में एक मिनट 54.991 सेकंड का समय निकालकर दिलाए थे।
- - Advertisement - -