ये बने भारतीय कुश्ती के नए गोल्डन ब्वॉय
एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में शनिवार को भारत के लिए बजरंग पुनिया ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहला स्वर्ण पदक जीत लिया। जबकि सरिता ने महिला वर्ग में रजत पदक जीता। बजरंग 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही भारतीय कुश्ती के नए गोल्डन ब्वॉय बन गए। बजरंग ने इस प्रतियोगिता में भारत का स्वर्ण पदक का इंतजार चौथे दिन जाकर समाप्त किया। उन्होंने फाइनल में कोरिया के स्युंग चुल ली को जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए 6-2 से पराजित किया।
सरिता ने जीता फाइनल में सिल्वर
बजरंग के स्वर्ण जीतते ही पूरा केडी जाधव कुश्ती स्टेडियम तालियों की गडग़ड़ाहत से गूंज उठा। इतना ही नहीं भारत को महिला वर्ग में शुक्रवार को तीसरे दिन तीन पहलवानों साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और दिव्या काकरान ने रजत पदक दिलाए थे और चौथे दिन सरिता ने 58 किग्रा वर्ग के फाइनल में हारकर रजत पदक हासिल किया। स्वर्ण के इंतजार में लगे भारतीय खेमे को आखिरी दिन बजरंग ने खुशी प्रदान की।
भारत ने जीते अब तक कुल 8 मेडल
भारत ने प्रतियोगिता में अब 8 मेडल हासिल कर लिए हैं जिसमें एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल है। पुरुष फ्रीस्टाइल में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है। भारत ने 2 कांस्य पदक ग्रीको रोमन वर्ग में हासिल किए हैं जबकि उसे महिला वर्ग में चार रजत और एक कांस्य पदक मिला है। बजरंग का यह स्वर्ण सीनियर एशियाई कुश्ती के इतिहरास में भारत का ओवर आल 11वां स्वर्ण पदक है।
सेमीफाइनल में उन्होंने उत्तर कोरिया के कुक गवांग किम की कड़ी चुनौती पर 3-2 से काबू पाते हुए स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई जहां उन्होंने कोरिया के स्युंग चुल ली को जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 6-2 से ठोककर स्वर्ण अपने नाम कर लिया। वहीं, महिलाओं के 58 किग्रा वर्ग में सरिता ने क्वार्टरफाइनल में उज्बेकिस्तान में एसेम सेदामेतोवा को 10-0 से और सेमीफाइनल में वियतनाम की थीहुआंग दाओ को 12-0 से हराया था। लेकिन फाइनल में किग्रिस्तान की एसुलू ताइपबेपोवा ने सरिता को 6-0 से पराजित किया और भारतीय महिला पहलवान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
- - Advertisement - -