41 साल बाद फ्रांस को हराकर पहली बार पुर्तगाल बना यूरो चैंपियन
पेरिस। यूरोप को पुर्तगाल के रूप में नया फुटबॉल चैंपियन मिल गया है। जी हां रविवार देर रात यूरो कप के फाइनल मुकाबले में पुर्तगाल ने मेजबान फ्रांस को 1-0 से हराकर इतिहास रचा। पुर्तगाल की ओर से एडर ने एक्सट्रा टाइम के दूसरे हाफ में खिताबी गोल किया। खिताब जीतने पर पुर्तगाल को 189 करोड़ रूपए मिले। उपविजेता फ्रांस को 174 करोड़ रूपए मिले।
पहली बार पुर्तगाल यूरो चैंपियन
ये पहला मौका है जब पुर्तगाल की टीम कोई बड़ी ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही है। इस जीत के साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो का पुर्तगाल के लिए बड़ी ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा हुआ। 1921 से इंटरनेशनल फुटबॉल खेल रहे पुर्तगाल का यह पहला बड़ा खिताब है।
कुछ ऐसा रहा मैच का रोमांच
मैच में फुल टाइम तक दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रही, पहला हाफ और दूसरा हाफ गोलरहित रहा। उसके बाद मैच एक्सट्रा टाइम में चला गया, जहां एडेर ने गोल कर पुर्तगाल को पहला बड़ा खिताब दिलाया। मैच में फ्रांस की टीम ने गोल करने की कई कोशिशें की, लेकिन वो नाकाम रहे। पूरे यूरो में शानदार प्रदर्शन करती आई फ्रांस की टीम को फाइनल में अपने घर में हार का सामना करना पड़ा।
चोटिल हुए रोनाल्डो
मैच शुरु होने के 7वें मिनट में ही पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर रोनाल्डो को चोट लग गई थी, लेकिन उन्होंने फिर भी खेलना जारी रखा। मैच के 25वें मिनट में रोनाल्डो को मैदान से जाना पड़ा, उनकी जगह रिकार्डो कुरेजमा को मैदान पर उतारा गया।पुर्तगाल औऱ दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में शुमार रोनाल्डो के जाने के बाद पुर्तगाल की उम्मीदों को धक्का लगा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और एक्सट्रा टाइम में एडेर के गोल की मदद से जीत हासिल की।
इस खिताबी जीत के साथ ही पुर्तगाल ने साल 2004 में अपने घर पर यूरो फाइनल में मिली हार का हिसाब पूरा किया। 2004 के यूरो फाइनल में मेजबान को ग्रीस ने 0-1 से हराया था।