VIDEO 4th June : शेन वार्न ने इसी दिन फेंकी थी ’ बॉल ऑफ द सेंचुरी’
नई दिल्ली। 4 जून का दिन क्रिकेट जगत के इतिहास में बहुत ही खास है और इस दिन को सदियों तक याद रखा जाएगा। 23 साल पहले इसी दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न ने ’बॉल ऑफ द सेंचुरी’ फेंकी थी। उन्होंने यह बॉल इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही एशेज सीरीज के दौरान फेंकी थी।
साल 1993 एशेज सीरीज में वार्न ने एक ऐसी गेंद फेंकी जिसने क्रिकेट इतिहास में अपनी एक अलग ही पहचान बना ली और उनकी इस बॉल को क्रिकेट जगत में सदियों तक याद रखा जाएगा। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज के पहले टेस्ट का दूसरे दिन का खेल जारी था। मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जा रहा था।
वार्न लेग स्पिनर थे और उन्होंने एशेज की अपनी पहली ही गेंद पर ऐसा कारनामा कर दिखाया जो क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वार्न ने दाएं हाथ के बल्लेबाज माइक गेटिंग को लेग ब्रेक गेंद डाली। लेग स्टंप के बहुत बाहर गिरने के बाद गेंद ने गेटिंग का ऑफ स्टंप उड़ा दिया। गेटिंग के साथ पूरा क्रिकेट जगत इस गेंद को देखकर दंग रह गया था।
इस गेंद के साथ ही इंग्लैंड ने 80 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद वो उबर नहीं पाया और उसने वो मैच गंवा दिया। यह क्रिकेट जगत में ऑस्ट्रेलिया के वर्चस्व की शुरुआत भी थी। एशेज में अपनी पहली गेंद पर धमाल मचाने वाले वार्न इसके बाद बल्लेबाजों के लिए पहेली बन गए थे। उनसे पार पाना उस समय के किसी भी बल्लेबाजों के लिए लोहे के चने चबाने जैसा मुश्किल हो गया था।
https://youtu.be/NsThkJt83Ok
|