बीजेपी नेता रूपा गांगुली पर हमला, फूटा सिर
महाभारत में द्रोपदी का किरदार निभाने वाली भाजपा महिला मोरचा अध्यक्ष रूपा गांगुली पर हमला हो गया जिसमें उनकी गाड़ी फोड़ दी और उनका सिर पर भी चोट आई है। वे दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप में घायल भाजपा समर्थ क को देखने पहुंची थी।
घटना काकद्वीप के ईश्वरीपुर गांव में घटी है। घायल रूपा गांगुली को स्थानीय अस्पताल में भरती कराया गया है। दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने हमले की निंदा करते हुए कहा है कि यदि इसी तरह हमला जारी रहा तो भाजपा 27 मई को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शपथ समारोह का बहिष्कार करेगी और इस दिन का काला दिवस के रूप में पालन करेंगे। अस्पताल में घायल रूपा गांगुली ने बताया कि वह महिला भाजपा समर्थकों के साथ चुनाव में भाजपा की एजेंट वासना मांझी को देखने के लिए गयी थीं। उसे व उसके पति को बुरी तरह से पीटा गया था।
इससे उनके सिर व हाथ में चोट आयीं। उनकी व उनके समर्थकों की साड़ी तक फाड़ दी। उनके सुरक्षाकर्मी ने उन्हें किसी तरह से बचाया, लेकिन कई को काफी चोट आयी हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग भाजपा पार्टी से जुड़ी हैं। इस कारण उन पर हमले किये गये हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को पूरी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हमला करनेवालों में स्थानीय तृणमूल नेता तापस प्रमाणिक हैं। हालांकि काकद्वीप के तृणमूल कांग्रेस के विधायक मंटूराम पाखिरा ने हमला के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि इसमें तृणमूल कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं है। भाजपा एजेंट के साथ मारपीट की घटना पूरी तरह से आपसी कलह है।