भाजपा नेता सर्बानंद सोनोवाल आज बनेंगे असम सीएम, लेंगे शपथ
असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब बारी है वहां पर मुख्यमंत्री के शपथ समारोह की। असम के मुख्यमंत्री शपथ समारोह को मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। जिसमें सर्बानंद सोनोवाल असम के प्रथम भाजपा मुख्यमंत्री के तौर पर मंगलवार को शपथ लेने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, सर्वानंद के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुवाहाटी के खानपारा मैदान में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में असम में भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार आज शपथ लेगी। इस समारोह में बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्घ्यमंत्री और पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। असम में यह पहली भाजपा नीत सरकार होगी।
सर्वसम्मति से चुना सर्बानंद को
असम मे मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ लेने वाले सर्बानंद सोनोवाल को बीते दिनों सर्वसम्मति से असम में भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। जिसमें विधायकों की एक बैठक में सबने उन पर सहमति जताई। सोनोवाल को गुवाहाटी में नवनिर्वाचित विधायकों की एक बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया और उन्हें राज्यपाल पीबी आचार्य ने सरकार बनाने का न्यौता दिया।
असम के राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य ने भाजपा, अगप और बीपीएफ को राज्य में अगली गठबंधन सरकार बनाने का न्यौता दिया। इससे पहले इन तीनों सहयोगी दलों ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। असम विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा विधायकों की पहली बैठक में पार्टी विधायक हिमंत विश्वशर्मा ने सोनोवाल का नाम सदन में पार्टी के नेता के रूप में प्रस्तावित किया था। सोनोवाल ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है।
इस तरह की राजनीतिक करियर की शुरूआत
-सोनोवाल ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत ऑल असम स्टूडेंट यूनियन से की थी।
-बाद में वे अगप में आ गए।
-2011 में वे अगप को छोड़कर भाजपा में आ गए।
-2012 में उन्हे भाजपा की असम इकाई का अध्यक्ष बनाया गया।
-जनवरी, 2016 में असम के लिए भाजपा के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया।
इस बार असम विधानसभा क्षेत्र में कुल 126 विधानसभा सीटे थी जिसमें से 60 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इसके गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडो पीपुल्स फ्रंट ने क्रमशः 14 और 12 सीटों पर जीत हासिल की है।