हमेशा के लिए खामोश हुई रौबदार आवाज़, 66 साल की उम्र में ओमपुरी ने कहा दुनिया को अलविदा
- - Advertisement - -
देश के दिग्गज अभिनेताओं में शुमार और अपनी रौबदार आवाज के लिए पहचाने जाने वाले बॉलीवुड एक्टर ओमपुरी ने शुक्रवार यानी कि आज दुनिया को अलविदा कह दिया है। 66 वर्षीय ओमपुरी को सुबह दिल का दौरा पड़ा। बता दें कि ओम पुरी बॉलीवुड के उन चंद कलाकारों में से एक थे, जिन्होंने समानांतर सिनेमा से लेकर कमर्शल सिनेमा तक में कामयाबी हासिल की। उनकी मौत की ख़बर सुनकर उनके फैंस सकते में हैं।
सकते में है बॉलीवुड इंडस्ट्री
ओम पुरी के निधन पर कई फिल्मी हस्तियों ने दुख जताया है। ओम पुरी के मौत की ख़बर सुनकर महेश भट्ट ने ट्विटर पर लिखा कि,” मेरा एक हिस्सा हमेशा-हमेशा के लिए चला गया।” वहीं अनुपम खेर ने लिखा कि,”भरोसा नहीं हो रहा कि सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं में से एक ओम पुरी अब हमारे बीच नहीं रहे। मैं बहुत दुखी और शॉक्ड हूं।”
रितेश देशमुख ने लिखा है कि, ”ओम पुरी नहीं रहे इस ख़बर से मैं कितना सकते में हूं, शब्दों में बयां नहीं कर सकता। वो हमें हमशा याद रहेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति दें।” वहीं प्रियंका चोपड़ा ने ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, ”ओम पुरी जी के साथ एक युग खत्म हो गया…पर विरासत हमेशा रहेगी।”
बता दें कि ओमपुरी का जन्म अंबाला के एक पंजाबी परिवार में हुआ था। वर्ष1993 में ओम पुरी ने नंदिता पुरी के साथ शादी की थी। 2013 में उनका तलाक हो गया था। उनके एक बेटे इशान हैं। ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह फिल्म ऐंड टेलिविजन इंस्टिट्यूट पुणे में एक साथ पढ़ाई कर चुके हैं। बेहद आम शक्ल सूरत होने के बावजूद ओम पुरी ने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। कहा जाता है कि ओमपुरी को पहली फिल्म के मेहनताने में मूंगफलियां मिली थीं।
ओम पुरी के फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1976 में मराठी फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ से हुई थी। यह फ़िल्म विजय तेंडुलकर के मराठी नाटक पर आधारित थी। ओमपुरी का कहना था कि तब उन्हें अच्छे काम के लिए मूंगफलियां मिली थीं। ओम पुरी ने फिल्म अर्धसत्य में अभिनय की नई ऊंचाइयों को छुआ था। इस फ़िल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय अवॉर्ड दिया गया था। बॉलीवुड के अलावा ओम ने हॉलीवुड की फ़िल्मों में भी काम किया था।
- - Advertisement - -