लीक हुई भारतीय “स्कॉरपीन पनडुब्बी” की टॉप सीक्रेट जानकारियां
एक ऑस्ट्रेलियाई अख़बार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भारत के लिए बनाई जा रही स्कॉरपीन-क्लास पनडुब्बी की युद्धक क्षमता से जुड़ी गुप्त जानकारियां लीक हो गई हैं। पनडुब्बी से जुड़ी गोपनीय जानकारी वाले 22,400 पन्नों के दस्तावेज लीक हुए हैं जिस पर ’रेस्ट्रिक्टेड स्कॉरपीन इंडिया’ लिखा हुआ था। दरअसल ये पन्ने पनडुब्बी के संचालन के लिए बनाए गए ऑपरेटिंग मैनुअल का हिस्सा हैं। फिलहाल इस बात को लेकर जांच चल रही है कि दस्तावेज़ भारत में लीक हुए या फ्रांस में। अख़बार के अनुसार डीसीएनएस का कहना है कि शायद दस्तावेज़ फ्रांस में नहीं बल्कि भारत में लीक हुए हों।
इस सौदे के तहत बनाई जाने वाली 6 पनडुब्बियों में से पहली आईएनएस पनडुब्बी इस समय मुंबई में बनाई जा रही है। इन पनडुब्बियों को अपनी तरह की पनडुब्बियों में सबसे आधुनिक माना जाता है। ये पानी के भीतर इतनी कम आवाज़ करती हैं कि इनकी भनक लगना बहुत ही मुश्किल हो जाता है।
इन्हीं आधुनिक पनडुब्बीयों के मॉडल मलेशिया और चिली भी इस्तेमाल करते हैं, और ब्राज़ील भी 2018 में इन्हीं को तैनात करने की तैयारी में है। यही नहीं इसी साल अप्रैल में ऑस्ट्रेलिया ने भी डीसीएनएस के साथ 50 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का सौदा किया है। अखबार के अनुसार लीक हुए दस्तावेज़ों में भारत में बनाई जा रही नई सबमरीन फ्लीट के युद्धक क्षमता के बारे में जानकारी उपलब्ध है। कुछ पन्नों में पनडुब्बी के सेंसरों के बारे में और कुछ हज़ार पन्नों में इसके नेवीगेशन सिस्टमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। फिलहाल मामले कि जांच चल रही है।