ISIS खड़ा करना चाहता है खुद का सोश्यल मीडिया प्लेटफार्म!
यूराेपीय संघ की पुलिस यूरोपाेल ने कहा है कि ISIS अपना खुद का सोश्यल मीडिया विकसित करने की तैयारी में है ताकि उसके इस संचार तंत्र पर कोई भी सुरक्षा एजेंसी किसी तरह का हमला न कर सके और न ही उसके द्वारा किए जाने वाले दुष्प्रचारों काे रोका जा सके। यूरोपोल के प्रमुख रोब वेनराइट ने आज लंदन में एक सुरक्षा बैठक में कहा कि इस नए आनलाइन प्लेटफार्म का पता पिछले सप्ताह लगाया गया जब विभिन्न देशों के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने 48 घंटे का एक विशेष अभियान चलाया था। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान में यह पता चला कि ISIS अब अपना खुद का सोशल मीडिया प्लेटफार्म बना रहा है और अपने दुष्प्रचार को बढ़ावा देने के लिए भी इंटरनेट पर अलग से व्यवस्था कर रहा है।
अमेरिका,बेल्जियम,पोलेंड व पुर्तगाल के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का संयुक्त अभियान
उन्होंने बताया कि ISIS और अल कायदा से जुड़ी जानकारी का पता लगाने के लिए अमेरिका, बेल्जियम, पोलेंड और पुर्तगाल के अनेेक साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस अभियान को अंजाम दिया और उनके 2000 से अधिक जिहादी विषयों तथा 52 सोशल मीडिया प्लेटफार्म की पहचान हुई। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यूरोप को इस समय सबसे अधिक आतंकी खतरे का सामना करना पड़ रहा है और सबसे अहम बात यह है कि सुरक्षा अधिक महत्वपूर्ण है और यूरोप के हितों काे देखते हुए यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी बनती है।
- - Advertisement - -