दुनिया को मूनवॉक पर नचा गए माइकल
शिकागो के इलाके ग्रे में रहने वाले केथरीन और जोसेफ के घर 29 अगस्त 1958 को उनके सातवें बच्चे ने जब जन्म लिया तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक दिन यह बच्चा सबका चहेता बनेगा और संगीत की दुनिया का बादशाह कहलाएगा।
संगीत से जुड़े परिवार से नाता रखने वाले माइकल का रुझान शुरु से ही संगीत की ओर था। माइकल के पिता जोसेफ पेशे से एक क्रेन ऑपरेटर थे मगर एक स्थानीय बैंड ’फॉल्कन’ में गिटार बजाते थे। माइकल की मां केथरीन को कंट्री म्यूजिक बहुत पंसद था और उन्होंने अपने बच्चों को गाना सिखाया था।
जुनून ने बनाया ’किंग ऑफ पॉप’
वे बचपन से ही संगीत को लेकर काफी जुनूनी थे। संगीत उनके खून में था। जब माइकल ने 1964 में अपने बड़े भाई जैकी, टिटो, जेर्मेने और मार्लोन के साथ मिलकर म्यूजिक में अपना करियर बनाने की ठानी तब वे महज 6 साल के थे। इसके बाद माइकल को इसी उम्र में मोटॉउन रिकार्ड ने साइन कर लिया था, जिस वजह से जैक्सन परिवार ने कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स शहर में अपना नया घर बनाया। डांस और गायिकी का उनका अलग ही अंदाज था जिस वजह से उन्हें जल्दी ही सफलता मिली। सफल होने से पहले माइकल अपने परिवार के साथ गरीबी की मार झेल रहे थे।
मूनवॉक से फैन्स में बढ़ाई दीवानगी
माइकल को गायकी, प्लास्टिक सर्जरी और उनके फैशन के अलग-अलग डांस फॉर्म को इज़ाद करने के लिए भी याद किया जाता है। मूनवॉक और रोबोट ऐसे डांस फॉर्म हैं जिन्हें माइकल ने ही इज़ाद किया था। आज भी लोगों में माइकल के इस ख़ास डांस फॉर्म का जादू चल रहा है। माइकल ने 1996-97 में आखिरी बार वर्ल्ड टूर किया। दुनिया भर के 58 शहरों में 82 कंसर्ट के दौरान हर बार उनकी मूनवॉक एकदम परफेक्ट रही।
ज़िंदगी में प्यार की हमेशा रही कमी
खूब शोहरत बटोरने वाले जैक्सन की जिंदगी में प्यार की हमेशा कमी रही। 1994 में उन्होंने एल्विस प्रेस्ली के बेटी लीजा मरी प्रेस्ली से शादी की। यह शादी सिर्फ 20 महीने ही टिक सकी। मीडिया में हमेशा ऐसी खबरें आती रहीं कि यह शादी सिर्फ पब्लिसिटी के लिए की गयी थी। इसके बाद अलेकेपन से जूझते जैक्सन ने 1997 में एक बार फिर घर बसाने का निर्णय लिया और नर्स डेबी रोव से शादी कर ली। यह शादी एक कॉन्ट्रैक्ट के तहत की गयी थी क्योंकि वह बच्चे चाहते थे, पत्नी नहीं। डेबी से उन्हें दो बच्चे हुए। इसके बाद तीसरा बच्चा सरोगेसी के जरिए हुआ।
गोरे होने की थी सनक
माइकल को अपने पिता का भयानक काला रंग देखकर डर लगता था। ऐसे में वे नहीं चाहते थे कि उनके बच्चे भी अश्वेत हों। इसी के चलते वे खुद को गोरा बनाना चाहते थे। इस मकसद को पूरा करने के लिए उन्होंने कई बार प्लास्टिक सर्जरी करवाई जिसकी वजह से वे गोरे दिखने लगे। माइकल की खुद को गारे बनाने, अपना रंग बदलने की सनक पूरी ज़िंदगी उन पर सवार रही और इसी के चलते वे पूरी ज़िंदगी दर्द, इंजेक्शन और दवाओं के साथ जीते रहे। साल-दर-साल माइकल की सूरत कुछ ऐसे बदली…
पत्नी भी न देख सकी थी माइकल का असली चेहरा
माइकल हर वक्त बनावटी चेहरे और मेकअप की कई तहों के नीचे छिपे रहते थे। उनकी पूर्व पत्नी लिजा ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि ’’अपनी पौने दो साल की शादी में मैंने कभी भी माइकल को उसके असली रूप में नहीं देखा। वे कभी बिना मेकअप के नहीं रहे। वे सोते भी मेकअप के साथ ही थे। सुबह उठने पर तकिए में मेकअप के रंग दिखते थे। मेरे सुबह उठने से पहले ही वो फिर मेकअप कर लेते थे। एक बार मैंने उन्हें हैरान करने की ठानी। मैं सुबह जल्दी उठ गई और मैंने उनके कंधे को थपथपा कर उन्हें जगाया, वो मुझे देखते ही चीख पड़े और चिल्लाने लगे कि जाओ यहां से, मुझे मत देखो और ये कहते-कहते वो भाग कर बाथरूम में घुस गए।’’
विवादों से रहा नाता
यौन शोषण का आरोप-1987 में उनकी आत्मकथा आने के बाद उन पर 11 साल के बच्चे के यौन शोषण का आरोप लगा। हालांकि, जैक्सन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत ठहराया, फिर भी उन्हें इस केस से निकलने के लिए बच्चे के माता-पिता को दो करोड़ अमेरिकी डॉलर देकर समझौता करना पड़ा।
दोबारा भी लगे थे ऐसे आरोप– उन्हें 2003 में भी ऐसे ही आरोप लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था और पांच महीने तक अदालती कार्रवाई भी चली थी। पांच महीने बाद उन पर लगा आरोप झूठा साबित हुआ। यह वह दौर था जब माइकल जैक्सन के दिवालिया होने की ख़बरें भी आई थीं।
प्लास्टिक सर्जरी की बातों को बताया अफवाह-साल 1987 ने जैक्सन की जिंदगी में लोकप्रियता का एक नया इतिहास जोड़ा। इस समय उनका एक बैंड एल्बम आया, जिसे देखकर लोगों के बीच एक अफवाह फैली कि उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी कराई है। नए रूप को देखने की उत्सुकता में उनके एल्बम की 3 करोड़ प्रतियां बिक गईं। हालांकि, कई बार चेहरा बदलने के बावजूद माइकल ने कभी नहीं माना कि उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी करवाई है।
फिर नींद से नहीं जागे माइकल
मार्च 2009 में माइकल जैक्सन ने एक बार फिर मंच पर आने का मन बनाया। हालांकि उन्होंने कहा कि ’दिस इज इट’ उनका आखिरी शो होगा। शो से ठीक 18 दिन पहले उनकी मौत की खबर आई। 7 जून, 2009 को माइकल जैक्सन को लॉस एंजेलिस में दफनाया गया। कई बड़ी हस्तियों के अलावा 18 हजार फैंस और 2,000 पत्रकार उनकी आखिरी झलक लेने पहुंचे। करीब एक अरब लोगों ने टीवी पर उनकी आखिरी यात्रा को लाइव देखा। उनकी मौत के बाद माइकल के डॉक्टर कॉनराड मरे पर लापरवाही का इल्जाम लगा। मुकदमा चलने पर यह बात साबित हो गई कि उन्होंने माइकल को दवाइयों की ज्यादा डोज दी थी, जिस कारण मौत हुई। 2011 में उन्हें चार साल कैद की सजा सुनाई गई।
माइकल मल्टी टैलेंटेड पर्सनैलिटी थे। उन्हें आज भी उनके डांस और खासकर मून डांस के लिए याद किया जाता है। माइकल की लोकप्रियता में उनके साथ जुड़े विवादों की अहम भूमिका रही है। बेस्ट सेलिंग आर्टिस्ट से लेकर माइकल बाल यौन शोषण, प्लास्टिक सर्जरी और अपने फैशन को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे।