omg! अब हाथी भी पहनेगा जूता
फिल्मों और सर्कसों में गजराज यानि हाथी के कई कारनामे आपने देखे होंगे, शायद उसे कभी जूता पहने भी देखा हो। लेकिन अब हाथी को उसके पैरों में जूता पहने बहुत जल्द ही लोग देख सकते हैं। बस इसके लिए आपको अंतराष्ट्रीय पर्यटक स्थल बोधगया की तरफ रूख करना होगा। जी हां, ये सच है। यहां की सड़कों पर जूता पहने गजराज की मतवाली चाल लोगों को अचरज में जरूर डाल देगी। इसके लिए एक संस्था ने पहल की है। जिसका नाम है एशियन एलिफेंट रिहेबिटेशन एंड वाइल्ड लाइफ एनिमल ट्रस्ट।
एरावत ट्रस्ट के अध्यक्ष अखतर इमाम जो हाथी के विशेषज्ञ है का कहना है कि पक्की सड़कों पर हाथी को चलने में काफी परेशानी होती है। जिसका असर उनकी आंखों में साफ देखा जा सकता है। एक जानकार होने के नाते उनके दर्द को हमने महसूस किया और फिर इसके लिए जूता बनवाने की दिशा में पहल की। वे कहते हैं कि वैसे तो उनकी देखरेख में कई हाथी हैं, लेकिन मोती, रागिनी और बेटी ज्यादा करीब हैं। उन्होंने बताया कि मोती और रागिनी के पैर के नाप का जूता भी बनकर तैयार है। बेटी के पैरों का माप भी ले लिया गया है। इसके लिए भी जूता बन रहा है।
एक जोड़े जूते का वजन लगभग दस किग्रा है। जो चमड़े का बना हुआ है। इसके लिए जूते बनवाने के लिए नालंदा जिले के एक कारीगर को राजी कराया गया है। मोती और रागिनी के जूते बनने में करीब छह महीने लगे हैं। इमाम बताते हैं कि जूते बनाने का ऑर्डर देने के बाद वे लगातार कारीगर के संपर्क में रहे। जब जूते बनकर तैयार हो गए , तब उन्हें सुकून मिला और वे बहुत खुश हैं, कि अब उनके हाथी भी जूते पहनेंगे।