अडानी ग्रुप सहित अन्य कम्पनियों का प्रस्ताव, होगा 62000 करोड का निवेश
मुंबई में मेक इन इंडिया वीक में आयोजित झारखंड इन्वेस्टर समिट के दौरान विभिन्न कंपनियों ने राज्य में 62 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। झारखंड मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दो दिनों तक खुद विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इन्वेस्टर समिट में निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा नवंबर में रांची में वर्ल्ड इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा। झारखंड दुनिया भर के बड़े निवेशकों की मेजबानी करेगा। झारखंड सरकार ने पिछले एक वर्ष में व्यापार के नये वातावरण को अपनाते हुए स्वयं को तैयार किया है इसी वजह से वर्ल्ड बैंक ने इज ऑफ डूइंग बिजनेस में झारखंड को देश के तीन श्रेष्ठ राज्यों में चुना है।
इन कम्पनियों ने किया है निवेश
झारखंड सरकार के साथ अडाणी ग्रुप ने 1600 मेगावाट के पावर प्रोजेक्ट का एमओयू किया। अडाणी ग्रुप राज्य में करीब 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगा। वहीं वेदांता ग्रुप ने 2000 करोड़ रुपए का स्टील प्लांट लगाने का करार किया। इसके अलावा केमिकल, आईटी, टेक्सटाइल और कंस्ट्रक्शन सहित अन्य क्षेत्रों में 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मिला है। एमओयू होने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अडाणी ग्रुप 15 हजार करोड़ की लागत से झारखंड में पावर प्लांट लगाएगा। वहीं 35 हजार करोड़ का निवेश कोल आधारित मिथेन फर्टिलाइजर प्रोजेक्ट लगाने पर करेगा। उन्होंने कहा कि हर दो महीने में वे खुद बड़े प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग करेंगे।
झारखंड नहीं होगा पीछे
झारखंड के मुख्यमंत्री ने कहा मैं जनता को झूठे आश्वासन नहीं देना चाहता।’ उन्होंने कहा कि यह समिट निवेशक और झारखंड दोनों के लिए फायदेमंद होगा। निवेशकों के साथ व्यक्तिगत रूप से उनका संवाद जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सोच और बेहतर विचार के साथ झारखंड अब किसी अन्य राज्य से पीछे नहीं है। उनके अनुसार राज्य में रोजगार की बारिश होने वाली है।
लेटर ऑफ इंटेट
ऑरिकेयर लाइफ साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड, कार्निवल मीडिया, हरबउर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, इंस्पायर इंटरप्राइजेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, स्टेक इनवीर इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, वक्रांगी इंडिया लिमिटेड आदि।
|