एक बार फिर पाक ने किया LOC पार
एक बार फिर पाकिस्तान ने साबित कर दिया है कि वह सुधरने वाला नहीं है। भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत पर आतंकी हमला करने की योजना बनाई थी। इस बार पाक ने अपना निशाना जम्मू कश्मीर के रजौरी जिले को बनाया था। हालांकि भारतीय सेना के जांबाज़ जवानों ने पाक के मनसूबो को नाकामयाब कर दिया है। रक्षा प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि ”पाकिस्तान सैन्य बलों ने राजौरी जिले के नौशेरा के 3 इलाकों में मंगलवार सुबह 5 बजकर 15 मिनट से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की। पाकिस्तान के सैन्य बलों ने मोर्टार बम दागे, स्वचालित हथियार एवं छोटे हथियारों से हमला किया। भारतीय बलों ने भी इसका करारा जवाब दिया।” सूत्रों के अनुसार इस हमले में पांच आम नागरिक घायल हुए हैं। हालांकि इस हमले में भारतीय जवानों को किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है। कर्नल मेहता के अनुसार पाक ने नियंत्रण रेखा पर पिछले 24 घंटों में पांच बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।
लगातार पाक कर रहा है सीजफायर का उल्लंघन
जम्मू-कश्मीर के उरी में आतंकी हमला करने के बाद पाक कुछ दिन तो शांत रहा। लेकिन कुछ दिनों बाद से ही वह भारत पर हमला करने और सीजफायर का उल्लंघन करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। बता दें कि पाक सैनिकों ने एक अक्तूबर को नियंत्रण रेखा के पास हल्के हथियारों की गोलीबारी के बीच, भारतीय चौकियों और रिहाइशी इलाकों में मोर्टार बम, आरपीजीएस और एचएमजीएस दागे थे। उन्होंने 30 सितंबर को जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में पल्लनवाला, चपरियाल, समनाम इलाकों में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी। इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने गत 29 सितंबर को भी मेंढर के बालनोई इलाके में गोलीबारी की थी। पाकिस्तानी सैन्य बलों ने पुंछ सेक्टर के सब्जियां में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सैन्य चौकियों पर गोलीबारी करके 28 सितंबर को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।