ICC WORLD T20 : गेल की तूफानी पारी के आगे इंग्लैंड ढेर
मुंबई। वेस्टइंडीज ने आईसीसी विश्व टी20 चैंपियनशिप के सुपर-10 के ग्रुप-ए के मैच में मुंबई में खेले गए अपने मुकाबले में इंग्लैंड को छह विकेट से करारी मात दी है। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज क्रिस गेल ने बल्लेबाजी का वो कारनामा कर दिखाया जिसके लिए दर्शक टी20 का मैच देखना चाहते हैं। उन्होंने छक्कों की ऐसी झड़ी लगाई कि इंग्लैंड के गेंदबाज चारों खाने चित्त हो गए।
लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी
दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों की लिस्ट में शुमार क्रिस गेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। उन्होंने अपनी नॉटआउट 100 रनों की पारी के दौरान ताबड़तोड़ छक्कों के साथ कई रिकॉर्ड्स की भी झड़ी लगा दी। वेस्टइंडीज ने 11 गेंद शेष रहते हुए इंग्लैंड के 183 रनों के लक्ष्य हो हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की।
बने ये रिकॉर्ड्स-
– क्रिस गेल इस सेंचुरी के साथ दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिसने टी20 वर्ल्ड कप में दो सेंचुरी जड़ी हैं। इससे पहले गेल 2007 टी20 वर्ल्ड कप में सेंचुरी जड़ चुके हैं। गेल ने तब जोहांसबर्ग में सेंचुरी जड़ी थी, जो टी20 वर्ल्ड कप की पहली सेंचुरी भी थी।
– गेल ने सेंचुरी पूरी करने के लिए 47 गेंदों का सामना किया। इस तरह से वो टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में गेल की यह सेंचुरी तीसरी सबसे तेज सेंचुरी थी।
– गेल ने अपनी 100 रनों की पारी के दौरान 11 छक्के और पांच चौके जड़े। इस तरह से उन्होंने 86 रन चौके-छक्के से बटोरे। बचे हुए 14 रन उन्होंने सिंगल्स से बनाए।
– गेल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्कों की सेंचुरी के करीब पहुंच गए हैं। उन्होंने इस पारी में 11 छक्के जड़े, जिसके बाद उनके छक्कों की संख्या 98 तक पहुंच गई है। टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड नाथन मैक्कलम का था। मैक्कलम के नाम पर 91 छक्के दर्ज हैं।
– टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो गेल के नाम पर 60 छक्के दर्ज हैं। वो टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्का जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में दूसरा नाम युवराज सिंह का आता है, युवी ने 31 छक्के जड़े हैं।
– गेल ने टी20 वर्ल्ड कप में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस पारी में 11 छक्के जड़े थे। टी20 इंटरनेशनल में वो एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के एरोन फिंच (14) और दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड लेवी (13) पहले और दूसरे नंबर पर हैं।
|