एक करोड़ में बिकी लोगों के बैंक अकाउंट की सारी डीटेल्स
देश के एक करोड़ लोगों के बैंक खातों की जानकारी ऑन सेल है। बैंक अकाउंट्स से जुड़ी सभी जानकारी सेल वाले रेट से भी सस्ते में मिल रही हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि 10 या 20 पैसे में आपके बैंक खाते से जुड़ी जानकारी बेची जा रही हैं। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में रहने वाली 80 साल की महिला के केस की जांच करते हुए पुलिस ने ये जानकारी दी है। महिला के क्रेडिट कार्ड से 1.46 लाख रूपए उड़ा लिए थे। इसी केस की जांच करते हुए पुलिस ने बैंक अकाउंट्स की जानकारी बेचने वाले मॉडयूल का पर्दाफाश किया। पुलिस को पता चला है कि इस मॉड्यूल में बैंक में काम करने वालों और कॉलसेंटर्स से जानकारी निकलवाई जाती थी और फिर उसे बेच दिया जाता था।
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने दावा किया है कि मॉड्यूल के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने एक करोड़ लोगों के बैंक खाते की जानकारी रिकवर की है। सस्ती रेट में बेची जाने वाली जानकारी में आपका कार्ड नंबर, कार्ड होल्डर का नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर है। यह सारा डाटा कई कैटेगरीज में बंटा हुआ है, जिसका कुल साइज 20 जीबी से ज्यादा है। गिरफ्तार हुए पूरन गुप्ता ने बताया कि वह डाटा बल्क में बेचता था। 50 हजार लोगों का डाटा बेचने के लिए दस से 20 हजार लेता था। बताया जा रहा हैकि आरोपी ने डाटा मुंबई के एक सप्लायर से खरीदा था।
डाटा खरीदने वाले इसकी मदद से बैंक के कर्मचारी बन लोगों को फोन करते थे और उनको सीवीवी नंबर और ओटीपी शेयर करने को कहते थे। जिसकी मदद से वे बैंक अकाउंट से पैसे निकालने में सफल भी हुए। किसी भी बैंक अकाउंट की सारी डिटेल्स होने के कारण लोग इस जाल में फंस जाते थे। आपको बता दें कि टाइम्स ऑफ इंडिया ने 6 अप्रैल को रिपोर्ट किया था कि 80 साल की महिला के साथ ठगी के आरोप में आशीष कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आशीष इससे पहले बैंक और वित्तीय संस्थानों सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर चुका है।
- - Advertisement - -