इस फ़िल्म में सिंगर के किरदार में नज़र आएंगी आलिया
- - Advertisement - -
इस समय बॉलीवुड के गलियारों में फ़िल्म आशिकी 3 को लेकर चर्चा चल रही है। अब तक इस बात पर सस्पेंस बना हुआ था कि इस फ़िल्म में लीड एक्टर कौन-कौन होंगे। फ़िल्म में मुख्य किरदार के लिए सोनम कपूर, रितिक रोशन, कंगना रनौत, सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट तक के नाम पर बात की जा रही थी। जिनमें से अब आलिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा का नाम तय माना जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस फ़िल्म में आलिया एक सिंगर का किरदार निभाती नज़र आएंगी। फ़िल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं। बता दें कि वर्ष 1990 में बनी फ़िल्म आशिकी का सीक्वल आशिकी-2 2013 में रिलीज़ हुई थी। 1990 में जहां राहुल रॉय और अनु अग्रवाल फिल्म की प्रमुख कास्ट रहे वहीं 2013 में बनी इस फ़िल्म के सीक्वल में आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर फिल्म का हिस्सा रहे थे। बहरहाल, आलिया फ़िल्म ’हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’, ’उड़ता पंजाब’, ’डियर जिंदगी’ में अपनी आवाज का जादू चला चुकी हैं और दर्शकों ने उनके गाने को खूब पसंद भी किया है।
ग़ौरतलब है कि साल 2012 में करण जौहर की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर से हिंदी सिनेमा में डेब्यू कर चुकीं आलिया भट्ट ने हाल ही में गौरी शिंदे निर्देशित फ़िल्म डियर जिंदगी में बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के साथ बेहतर काम कर दर्शकों को काफ़ी आकर्षित किया है।
- - Advertisement - -