जब कोई भारत को बलात्कारों की भूमि कहता है तो होता है दुख : अमिताभ
जब आप विदेश जाते हैं और लोग कहते हैं, आप भारत से हैं, जो बलात्कारों की भूमि है? तो यह सुनकर काफ़ी शर्मिंदगी महसुस होती है। ये कहना है बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का। दरअसल वे शुक्रवार को रिलीज़ हुई अपनी फिल्म पिंक के संबंध में बात कर रहे थे। फिल्म में अमिताभ ने एक ऐसे वकील की भूमिका में हैं जो वकालत के ज़रिए महिलाओं की हक की लड़ाई लड़ता है। बता दें कि अनिरुद्ध राय चौधरी के निर्देशन में बनी फिल्म पिंक रेप के मुद्दे पर बनी है।
हर हिस्से की महिला हो सुरक्षित
अमिताभ ने आगे कहा कि देश का हर हिस्सा महिलाओं के लिए सुरक्षित होना चाहिए। मुंबई दिल्ली से ज्यादा सुरक्षित है या इसका उल्टा, हमें ऐसा नहीं कहना चाहिए। अगर कोई घटना दिल्ली में होती है तो पूरे देश को खराब लगता है और वह चिंतित होता है। हम सभी को भारत को विकसित देश बनाने के लिए काम करना चाहिए। बता दें कि शुक्रवार को रिलीज़ हुई फिल्म पिंक में अमिताभ के अलावा तापसी पन्नू, कृति कुलहरी , अंगद बेदी और पीयूष मिश्रा जैसे कलाकारों ने काम किया हैं। फिल्म के निर्माता शूजीत सरकार हैं।